11 तक चलेगी बादलों की आंख मिचौली

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2015 - 02:43 AM (IST)

जालंधर (धवन/ राहुल): महानगर में आज फिर आसमान में बादल घिर आए तथा देर शाम बारिश होने से ठंड फिर से बढ़ गई। 

मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि महानगर में आसमान में बादलों व ठंडी हवा चलने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है तथा यह आज 7.4 डिग्री सैल्सियस पर पहुंच गया जबकि अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। महानगर में शाम के समय 0.001 एम.एम. बारिश रिकार्ड की गई।
 
अधिकारियों ने बताया कि 6 मार्च को होली वाले दिन भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे तथा बारिश होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। 8 व 9 को भी आसमान में बादल छाने या बारिश होने के आसार हैं।
 
अधिकारियों ने कहा कि 9 मार्च के बाद न्यूनतम तापमान में सुधार देखा जाएगा। 10 मार्च को भी आसमान में बादल छाने के आसार हैं जबकि 11 मार्च को भी आसमान साफ नहीं रहेगा। पिछले कई दिनों से बादलों की आंख मिचौली लगातार चलती आ रही है। कभी अचानक बादल घिर आते हैं तो कभी बारिश शुरू हो जाती है। मौसम के स्वभाव को लोग समझने में असमर्थ हैं। ठंडा मौसम होने के कारण शहर के पॉश व अंदरूनी बाजारों में भी अधिक रौनक दिखाई नहीं दी। ठंड के कारण लोग बच्चों के साथ घरों में ही दुबके हुए हैं। 
 
दूसरा कारण यह भी है कि विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं इसलिए वे घरों में पढ़ाई करने में व्यस्त हैं इसलिए भी माडल टाऊन मार्कीट में शाम के समय अधिक चहल-पहल दिखाई नहीं दे रही। पिछले दिनों भी बारिश होने के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया था जिस कारण आने-जाने वाले लोगों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ा था। बारिश ने तो शहर की सड़कों की हालत को बिल्कुल खस्ता बनाकर रख दिया है। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News