पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति फिलहाल टली

Wednesday, Mar 04, 2015 - 04:43 AM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने आज शाम कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी से मुलाकात की, जिसमें पंजाब कांग्रेस मामलों को लेकर चर्चा हुई। 
 
10 जनपथ पर दोनों नेताओं के मध्य लगभग आधे घंटे तक बैठक के बाद पंजाब कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष की नियुक्ति को फिलहाल टाल दिया गया है। कांग्रेसी सूत्रों से पता चला है कि फिलहाल आगामी आदेशों तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मौजूदा अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ही अपने पद पर कार्य करते रहेंगे। बताया जाता है कि कैप्टन ने सोनिया के साथ कांग्रेस की राजनीति को लेकर चर्चा की। उन्होंने सोनिया को कहा कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा जब 6 राज्यों के अध्यक्षों की नियुक्तियां की जा रही थीं, तो फिर उससे पहले पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष का नाम क्यों लीक कर दिया गया। 
 
उन्होंने इसके पीछे बाजवा के निकट एक केन्द्रीय नेता का नाम लिया। यह भी पता चला है कि पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति अब कांग्रेस के अप्रैल महीने में होने वाले राष्ट्रीय सैशन के आसपास की जा सकती है। कैप्टन ने सुझाव दिया कि चाहे विधानसभा चुनाव 2017 के शुरू में प्रस्तावित हैं, परन्तु कैम्पेन कमेटी का गठन आम चुनावों से एक वर्ष पहले कर दिया जाए।  

बताया जाता है कि कैप्टन ने सोनिया को यह सुझाव भी दिया है कि पंजाब में कांग्रेस को मजबूती देने के लिए जाट सिख, हिन्दू व दलित के मध्य तालमेल स्थापित किया जाना चाहिए तथा उसी के अनुसार नई नियुक्तियां कांग्रेस नेतृत्व को करनी चाहिएं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के रूप में अब भी लाल सिंह व सी.एल.पी. नेता सुनील जाखड़ के नाम कांग्रेस नेतृत्व के विचाराधीन हैं। 
Advertising