हेरोइन मामले में हुआ बड़ा खुलासा, बढ़े व्यापारी का नाम आया सामने

Sunday, Mar 01, 2015 - 04:48 AM (IST)

अमृतसर (संजीव): आज देर सायं ए.डी.सी.पी. परमपाल सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ गार्डन कालोनी स्थित कोठी नंबर 30-ए में रहने वाले आशीष कंधारी के घर पर छापामारी की, जहां करीब 50 मिनट चली गुप्त जांच में पुलिस ने जहां कुछ अहम जानकारियां हासिल कीं, वहीं कुछ संदिग्ध दस्तावेजों को भी अपने कब्जे में लिया। 
 
छापामारी के दौरान ए.डी.सी.पी. परमपाल सिंह ने मीडिया को बताया कि जांच के पहले चरण में व्यापारी आशीष कंधारी के कारोबार संबंधी कागजातों के साथ-साथ उसके पासपोर्ट व व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जानकारियां हासिल की गई हैं। पुलिस इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है जिसमें कुछ ऐसी बातें सामने आई हैं जिससे यह खुलासा हुआ है कि आशीष कंधारी के संबंध पाकिस्तान में बैठे कुख्यात तस्कर मलिक के साथ होने की संभावना है। 
 
ज्ञात रहे कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने जम्मू-कश्मीर सैक्टर में भारत पाकिस्तान के बीच खींची एल.ओ.सी. (लाइन ऑफ कंट्रोल) के रास्ते अखनूर सैक्टर में पहुंची 3 किलो हैरोइन सहित 5 अंतर्राष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। उनसे पुलिस ने 3 किलो हैरोइन, एक लग्जरी गाड़ी बी.एम.डब्ल्यू. व 7 लाख रुपए की भारतीय करंसी बरामद की थी। 
 
गिरफ्तार किए गए तस्करों में शामिल संतोख सिंह, सन्नी, संजय कुमार, सुरिंदर सिंह व शहजाद आलम शामिल थे। जब गिरफ्तार किए गए इन तस्करों से गंभीरता से जांच हुई तो बरामद की गई 7 लाख रुपए की राशि का पाकिस्तान में बैठे कुख्यात हैरोइन तस्कर मलिक तक पहुंचना सामने आया। 
 
सूत्रों से पता चला है कि पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों को मलिक से बात करने को कहा। जब उनके द्वारा फोन पर पाक तस्कर से संपर्क साधा गया तो उस समय उसने 7 लाख रुपए की राशि आशीष कंधारी के हवाले करने की बात कही थी जिस पर अखनूर सैक्टर की गिरफ्तारी के उपरांत पुलिस ने तुरंत आशीष कंधारी को गिरफ्तार कर लिया। अब कंधारी से कई खुलासों की संभावना जताई जा रही है। 
 
अंतर्राष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार करने में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस में तैनात इंस्पैक्टर परनीत सिंह ढिल्लों ने अपनी अहम भूमिका निभाई है। आज गिरफ्तार किए गए 5 हैरोइन तस्करों के साथ आशीष कंधारी को अदालत में पेश कर जांच के लिए पुलिस रिमांड लिया गया है जिसमें उनसे गंभीरता से पूछताछ चल रही है। पुलिस जे. एंड के. सैक्टर से गिरफ्तार किए गए तस्करों व अमृतसर के व्यापारी के साथ-साथ इस पूरे प्रकरण में कई और खुलासे होने की संभावना जता रही है। 
Advertising