प्यार में पागल हुई बहन भुल गई 17 साल पुराना रिश्ता

Sunday, Mar 01, 2015 - 05:19 AM (IST)

लुधियाना (महेश): महानगर में हुई एक दिल दहला देनी वाली घटना में 19 वर्षीय एक बड़ी बहन ने अपनी 17 वर्षीय छोटी बहन को चाकू से गोद-गोद कर मौत के घाट उतार दिया। कत्ल का कारण यह बताया गया है कि छोटी बहन आरती शर्मा ने उसे उसके प्रेमी से मोबाइल पर बात करने से रोका था। पुलिस ने कत्ल का मामला दर्ज करके आरोपी पूजा शर्मा को हिरासत में ले लिया है। घटना फोकल प्वाइंट के ढंडारी इलाके की है।

घटना का पता आज सुबह करीब 11.30 बजे तब चला जब मोहल्ले के कुछ लोगों ने वरिंद्रपाल शर्मा के घर से खून निकल कर नाली में बहता हुआ देखा। उन्होंने इसकी सूचना अन्य इलाका निवासियों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। इस बीच पूजा को मोहल्ले के लोगों ने घबराई व हड़बड़ाई हालत में पहले घर से बाहर फिर कुछ देर बाद दाखिल होते देखा। 
 
सूचना मिलने पर थाना फोकल प्वाइंट प्रभारी इंस्पैक्टर सुरेंद्र सिंह पुलिस पार्टी सहित पहुंचे तो उन्होंने पाया कि खून से लथपथ आरती का शव रसोई के पास पड़ा था और पास में ही कत्ल में इस्तेमाल हुआ चाकू पड़ा था। आरती के शरीर पर चाकू से गोदने के कई गहरे जख्म थे। इतना ही रसोई के फर्श पर गिरे खून को साफ करने की कोशिश भी की गई थी। घटना के वक्त घर पर पूजा, आरती व उनके चाचा की 8 साल की बेटी कुमकुम थी, जबकि आरती के पिता व माता अंजू शर्मा काम पर गए हुए थे। इनका 16 वर्षीय बेटा अंकित भी घर से बाहर था। शुरूआती जांच में पुलिस को पूजा की हरकतों, उसकी घबराहट व बयान पर संदेह हुआ। पुलिस ने पूजा को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया और उसे थाने ले आई। 
 
इंस्पैक्टर सुरेद्र सिंह ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि पूजा के अनमोल नामक युवक से प्रेम संबंध थे। वह अक्सर फोन पर उससे लंबे समय तक बात करती थी, जिसकी पुष्टि मोहल्ले के कई लोगों ने दबी जुबान में की है। परिवार वाले उसे रोकते थे। आज सुबह भी जब पूजा को अनमोल का फोन आया तो आरती ने उसे बात करने से रोका। इस बीच दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद इस कदर बढ़ गया कि गुस्से में पूजा ने चाकू से आरती पर हमला करके उसका कत्ल कर दिया। 
 
वरिंद्रपाल शर्मा के पड़ोसी प्रदीप सिंह की शिकायत पर पूजा के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज करके शव का पंचनामा करके उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। 
 
चाचा की छोटी बेटी चश्मदीद गवाह 
 
पुलिस सूत्रों ने बताया कि 8 साल की कुमकुम इस कत्लकांड की अकेली चश्मदीद गवाह है। जिस वक्त यह वारदात हुई वह टी.वी. देख रही थी। उससे की गई पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। केस को मजबूत करने के लिए कुमकुम के बयान रिकार्ड करवाए जा रहे हैं।
 
पिता को यकीन नहीं ऐसी हरकत कर सकती है पूजा 
 
पूजा के पिता वरिंद्रपाल शर्मा को इस बात पर यकीन नहीं है कि उसकी बेटी कत्ल कर सकती है। उसने बताया कि जब वह काम पर था तो उसे फोन आया कि आरती की तबीयत ज्यादा खराब है, जल्दी आ जाओ। वह तत्काल फैक्टरी से छुट्टी लेकर जब घर पहुंचा तो अंदर का दृश्य देखकर उसका दिल कांप उठा।
Advertising