लाल सिंह होंगे पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान !

Sunday, Mar 01, 2015 - 12:03 PM (IST)

नई दिल्ली/पटियाला (एजैंसियां/ राजेश): पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री तथा सनौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक लाल सिंह पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान होंगे। 
 
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लाल सिंह को प्रधान बनाने संबंधी फाइल क्लीयर कर दी है। बेशक कांग्रेस हाईकमान की ओर से अभी तक इस संबंधी आधिकारिक घोषणा नहीं की है पर अखिल भारतीय कांग्रेस भवन से शनिवार देर रात इस संबंधी रिपोर्ट लीक हो गई है। इस रिपोर्ट के लीक होने के बाद पंजाब भर से लाल सिंह को फोन पर बधाइयां मिलने लगी हैं। 
 
पंजाब विधानसभा में मौजूदा समय में लाल सिंह कांग्रेसी विधायकों में सबसे वरिष्ठ हैं तथा 6 बार विधायक बन चुके हैं, जबकि 8 बार पार्टी टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। 2009 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें पंजाब कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था तथा उनके नेतृत्व में पंजाब में कांग्रेस पार्टी 13 में से 8 सीटें जीतने में सफल रही थी। लाल सिंह पिछले डेढ़ माह से दिल्ली दरबार में चक्कर लगा रहे थे, कई बार तो सोनिया गांधी ने स्वयं उन्हें बुलाया था। 
 
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान के पास यह रिपोर्ट पहुंची है कि पंजाब के लोग कांग्रेस को पसंद करते हैं। ऐसे में पार्टी को एक ऐसे प्रधान की जरूरत है जो सभी ग्रुपों को साथ लेकर चले। हाईकमान मौजूदा प्रधान प्रताप सिंह बाजवा को बदलना चाहती है पर बाजवा का सरेआम विरोध करने वाले कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को भी प्रधान नहीं बनाना चाहती। इसी के कारण लाल सिंह के नाम पर सहमति जताई गई। 
 
वहीं कांग्रेस हाईकमान में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंद्र सिंह लवली को हटाकर अजय माकन को इसकी कमान सौंपने को लेकर आम सहमति बन गई है और कल इसकी औपचारिक घोषणा करने की संभावना है।
Advertising