बड़े पैमाने पर धांधलियां करके जीते चुनाव: अमरेन्द्र

Friday, Feb 27, 2015 - 04:33 AM (IST)

जालंधर (धवन): पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने नगर कौंसिल व नगर निगम के चुनावों में शिअद-भाजपा की बड़ी जीत पर चुटकी लेते हुए कहा है कि गठबंधन ने बड़े पैमाने पर चुनावी धांधलियां करके चुनाव जीते हैं। 
 
अगर निष्पक्ष चुनाव होते तो चुनावी नतीजे कुछ और होते। साथ ही उन्होंने कांग्रेसियों को भी आगाह करते हुए कहा कि वह केवल सरकार विरोधी लहर पर निर्भर न रहें। उन्हें और सख्त मेहनत करने की जरूरत है तभी 2017 में बेहतर नतीजे सामने आएंगे। 
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को विपक्ष की जगह लेनी चाहिए तथा अगर वह ऐसा करने में कामयाब रहती तो उसे निर्दलीयों को पड़ी वोटें मिल सकती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अकालियों ने सत्ता बल व सरकारी मशीनरी के बल पर चुनाव जीते हैं। अधिकांश चुनावों के नतीजे सत्ताधारी सरकार के पक्ष में ही जाते हैं। 
 
उन्होंने बताया कि इन चुनावी नतीजों से कांग्रेस को भी सबक लेने की जरूरत है। उसे अभी से 2017 के मिशन को लेकर काम करना होगा। जनता में सरकार के प्रति नाराजगी है परंतु उसे वोटों में बदलने के लिए कांग्रेस को मेहनत करने की जरूरत है। कांग्रेस को भी आत्मविश्लेषण करना होगा तथा सत्ताविरोधी लहर का लाभ उठाने की रणनीति बनानी होगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस किसी तीसरे पक्ष को उभरने न दे।  
 
कैप्टन ने कहा कि कई स्थानों पर पुलिस का सहारा लेकर शिअद-भाजपा गठबंधन ने कांग्रेसियों को डराया व धमकाया जिस कारण वह अपने नामांकन दाखिल करने में विफल रहे। 
 
सत्ताधारी गठबंधन का किस तरह से मुकाबला करना है इस पर भी गहन विचार करने की जरूरत है। उन्होंने एफ.सी.आई. द्वारा पंजाब में 50 प्रतिशत गेहूं की खरीद घटाने की सिफारिश का कड़ा नोटिस लेते हुए कहा कि यह राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए घातक सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री बादल को इस मामले को तुरंत प्रधानमंत्री व केंद्रीय मंत्री के सामने उठाना चाहिए।
Advertising