पैसों के लिए मालिक के बेटे को दी खौफनाक मौत

Wednesday, Jan 28, 2015 - 09:38 AM (IST)

मोहाली: फेज-9 इंडस्ट्रीयल एरिया की एक फैक्टरी में 17 वर्षीय कर्ण की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

तीनों आरोपियों की पहचान चंडीगढ़ के रामदरबार निवासी सुनील, मोनू व आबिद खान के रूप में हुई है। इन तीनों को बुधवार को जिला अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों से और भी कई आपराधिक मामले सुलझेंगे।  

सुनील मूलरूप से यू.पी. का रहने वाला है। वह कर्ण के पिता हरमिंद्र सिंह धीमान की फैक्टरी में लेबर का काम करता था। जिस दिन हरमिंद्र ने अपनी फैक्टरी की डील 2 करोड़ में की थी, उसके बारे में सुनील को मालूम था। 

इसके चलते सुनील ने अपने 2 दोस्तों मोनू व आबिद के साथ मिलकर उसके घर में चोरी करने का प्लान बनाया। यह प्लान उन्होंने उस समय बनाया जब हरमिंद्र किसी काम से लुधियाना गया हुआ था। घर में उसका बेटा कर्ण, मां मीरा व नानी थी। 

गत शनिवार को शाम के समय कर्ण ट्यूशन पढऩे के लिए गया हुआ था। घर में कर्ण की मां मीरा व नानी अकेली थी, जो फैक्टरी के ऊपर ही बने घर में रहते हैं। सुनील नीचे फैक्टरी में था। उसने अपने दोनों दोस्तों को हथियार समेत बुलाया। 

घर में घुसे इन तीनों ने मुंह कपड़े से ढका हुआ था। वह अलमारी से सामान बिखेरने लगे तो आवाज सुनकर मीरा व उसकी मां देखने आईं। इस दौरान तीनों ने उन पर हमला कर दिया। इसमें वह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। ट्यूशन खत्म होने के बाद जब कर्ण घर लौटा तो घर से चीखने की आवाजें आ रही थीं। 

जब तीनों ने कर्ण को देखा तो उन्होंने उस पर रॉड से वार कर दिए और गहने व 53 हजार की नकदी लेकर फरार हो गए। फैक्टरी का चौकीदार बबली ड्यूटी खत्म कर घर के लिए जा रहा था। जब उसने कर्ण को तड़पते देखा तो उसने कर्ण को उठाया और चंडीगढ़ के सैक्टर-32 अस्पताल में पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने कर्ण को मृत घोषित कर दिया। 

Advertising