ललकार रैली के बाद पंजाब कांग्रेस 2 धड़ों में बंटी

Monday, Jan 26, 2015 - 03:40 AM (IST)

जालंधर (पुनीत): पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान कैप्टन अमेरंद्र सिंह द्वारा अमृतसर में की गई ललकार रैली के बाद कांग्रेस 2 धड़ों में बंटकर रह गई है जिसका नुक्सान पार्टी को आने वाले समय में उठाना पड़ेगा।
 
मौजूदा समय में कैप्टन के गुट में वे नेता हैं जिन्हें कैप्टन ने कांग्रेस के प्रधान रहने वक्त टिकटें बांटी थीं और जिन पर कैप्टन के मुख्यमंत्री रहते भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। इनमें खास तौर पर चौधरी जगजीत सिंह, भरतइन्द्र सिंह चाहल, अमृतसर से पूर्व विधायक जुगल किशोर शर्मा आदि शामिल हैं। 
 
इसके अलावा ई.डी. की जांच का सामना कर रहे सांसद संतोख चौधरी भी कैप्टन ग्रुप में माने जाते हैं। दूसरे ग्रुप की बात की जाए तो वह ग्रुप राहुल गांधी ब्रिगेड का हिस्सा समझा जा रहा है। इस धड़े को ऑल इंडिया कांग्रेस के सचिव हरीश चौधरी व पंजाब कांग्रेस के प्रधान प्रताप सिंह बाजवा द्वारा लीड किया जा रहा है। 
 
पंजाब कांग्रेस के कई पूर्व प्रधान इस ग्रुप के साथ जुड़े हुए हैं। सूत्र की मानें तो जहां कैप्टन अमरेन्द्र सिंह का ग्रुप एक और रैली करने का मन बनाए हुए  है, वहीं बाजवा द्वारा भी राहुल गांधी की  मौजूदगी में रैली की जा रही है।
 
मार्च में आयोजित होने वाली उक्त रैली से पहले कैप्टन समर्थकों द्वारा एक और रैली करने की तैयारी की जा रही है। इससे जाहिर होता है कि कांग्रेस में आने वाले समय में रैलियों के जरिए अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने की होड़ बढ़ेगी।
Advertising