तेज रफ्तार बस ने 10 वाहनों को अपनी चपेट में लिया

punjabkesari.in Monday, Jan 26, 2015 - 03:07 AM (IST)

अमृतसर(अवधेश): देर शाम अल्फा वन मॉल के नजदीक स्थित एलीवेटिड रोड पर पंजाब रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने 2 मोटरसाइकिल सवारों सहित करीब 10 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में मोटरसाइकिल सवार सहित एक की मौत हो गई और 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार मृतक युवक की पहचान विपन ठाकुर निवासी जौड़ा फाटक के रूप में हुई है। 

घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। वहीं दुर्घटना का पता चलते ही ए.डी.सी.पी.-वन परमपाल सिंह, ए.डी.सी.पी. ट्रैफिक ध्रुमन निबले, ए.सी.पी. गौरव गर्ग पूरे दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए और दुर्घटना का जायजा लिया। 
 
जानकारी के अनुसार पंजाब रोडवेज की बस (नंबर पी.बी.02.बी.क्यू.9892) अमृतसर से चंडीगढ़ के लिए सवारियां लेकर रवाना हुई थी। बस जब अल्फा वन के नजदीक एलीवेटिड रोड पर पहुंची तो बेकाबू हो गई और आगे जा रही कार (नंबर पी.बी.02.सी.ई.8343) में घुस गई और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे आगे खड़ी अन्य कारें भी (नं. पी.बी.02.बी.बी.7778, पी.बी.02. बी.एम.8782, एच.आर.26. बी.डी.8557, पी.बी.02. टैंपरेरी टी.आर.88, पी.बी.06. वाई.6216, पी.बी.11.बी. एन.7575) भी फिल्मी स्टाइल में टकरा गईं।
 
इसी दौरान इनके बीचो-बीच मोटरसाइकिल पर अपने पिता विपन ठाकुर के साथ जा रहा आयुश व अन्य बाइक सवार हरपिंद्र निवासी मूलेचक्क को भी अपनी चपेट में ले लिया जिस कारण विपन ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई और आयुश व हरपिंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को लोगों ने अस्पताल में दाखिल करवा दिया। 
 
क्या कहते हैं ए.डी.सी.पी. : दुर्घटनास्थल पर जांच करने पहुंचे ए.डी.सी.पी. परमपाल सिंह का कहना है कि आरोपी बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 
 
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News