पाकिस्तान से लाई 8 किलो हैरोइन सहित 2 गिरफ्तार

Sunday, Jan 25, 2015 - 05:21 PM (IST)

फिरोजपुर (कुमार): काऊंटर इंटैलिजैंस फिरोजपुर के डी.एस.पी.कम-इंस्पैक्टर जोगिंद्र सिंह ने आज पाकिस्तान से लाई 8 किलो हैरोइन सहित 2 तस्करों को गिरफ्तार कर उनसे एक सैमसंग मोबाइल और 2 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की, जबकि इनके 3 साथी फरार हो गए। 
 
फिरोजपुर सीमावर्ती क्षेत्र में 3 दिनों में बी.एस.एफ., पंजाब पुलिस और काऊंटर इंटैलिजैंस फिरोजपुर और नारकोटिक कंट्रोल सैल फिरोजपुर रेंज की पुलिस ने 23 किलो 260 ग्राम हैरोइन पकड़ने में सफलता हासिल की है जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 115 करोड़, 25 लाख से ज्यादा है।
 
आज काऊंटर इंटैलिजैंस फिरोजपुर के डी.एस.पी., इंस्पैक्टर जोगिंद्र सिंह को गुप्त सूचना मिली कि फिरोजपुर बार्डर के रास्ते पाकिस्तान से तस्कर भारत मे हैरोइन की खेप भेजने की तैयारी में हैं। 
 
फिरोजपुर के सीमावर्ती गांव हजारा सिंह वाला में डी.एस.पी. इंस्पैक्टर जोगिंद्र सिंह के नेतृत्व में काऊंटर इंटैलिजैंस की पुलिस द्वारा नाकाबंदी के दौरान 2 मोटरसाइकिल पर आते 5 व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया तो एक मोटरसाइकिल पर सवार 3 व्यक्ति पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल भगा ले गए, जबकि हीरो होंडा बिना नंबरी मोटरसाइकिल पर सवार 2 व्यक्तियों सुखजिंद्र सिंह पुत्र मोड़ा सिंह वासी शाहकोट जिला जालंधर और रणदीप सिंह उर्फ राणा पुत्र सुच्चा सिंह वासी धनोआ जिला अमृतसर को पुलिस ने काबू कर उनसे 8 किलो हैरोइन, 2 लाख की ड्रग मनी और मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस ने इन 5 तस्करों के खिलाफ थाना ममदोट में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
 
Advertising