ट्रैक्टर चालक ने गार्ड को पीटा

Sunday, Jan 25, 2015 - 08:01 AM (IST)

रेत की भरी ट्रैक्टर-ट्राली को रोकने पर साथियों के साथ मिलकर किया हमला
सुल्तानपुर लोधी (तिलकराज): गत रात्रि दरिया ब्यास पर गांव बाऊपुर नजदीक बनाए गए पलटून पुल से रेत की ट्राली गुजारने से गार्ड द्वारा चालक को रोकने पर गार्ड गुरदेव सिंह को ट्रैक्टर-ट्राली चालक व उसके साथियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं गुरदेव सिंह गार्ड की सहायता के लिए आए 3 अन्य व्यक्तियों को गंभीर रूप से घायल करने की सूचना मिली है।

जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में सुरक्षा गार्ड गुरदेव सिंह व 3 अन्य घायलों का हाल-चाल पूछने आए सुखविन्द्र सिंह ने बताया कि गत रात्रि लगभग साढ़े 9 बजे गुरदेव सिंह ने अपने पुत्र जसकरन सिंह को मोबाइल पर बताया कि करनैल सिंह व अन्य व्यक्तियों ने पलटून पुल से रेत की भरी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर जाने से रोकने पर उसको तेजधार हथियारों से घायल कर दिया है। यह सुनकर उसके दोनों पुत्र जसकरन सिंह, गुरप्रीत सिंह व गांव के 2 अन्य नौजवान संतोख सिंह व अजय कुमार मौके पर पहुंचे तो ट्रैक्टर-ट्राली चालक व अन्य व्यक्तियों ने उनको भी मारपीट कर घायल कर दिया, जिनको गांव के कुछ व्यक्तियों ने मौके पर पहुंच कर सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में दाखिल करवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

इस संबंधी जब एस.एच.ओ कबीरपुर सरवन सिंह से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह घायलों को देखने सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी गए थे, पर घायल बयान देने के काबिल न होने के कारण वह बयान नहीं ले सके। उन्होंने कहा कि घायलों के बयान लेने उपरांत कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर रंगरेटा दल के जिला प्रधान राहुल नाहर, उप-प्रधान परमजीत सिंह व शहरी प्रधान बलविन्द्र सिंह ने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। इस मौके पर सुक्खा, तरसेम, लक्ष्मण दास, महंगा सिंह, सुखदेव सिंह व तेजपाल सिंह भी उपस्थित थे।

Advertising