गायक जैली पर चल रहे रेप केस में हुआ नया खुलासा

Tuesday, Jan 20, 2015 - 09:42 AM (IST)

चंडीगढ़: पंजाबी गायक जरनैल सिंह उर्फ जैली समेत तीन अन्य लोगों के खिलाफ चंडीगढ़ की एक मॉडल का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने और ब्लैकमेल व धमकाने की शिकायत पर करीब साढ़े 3 महीने बाद भी मोहाली पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। 

अब पीड़ित मॉडल ने मामले के जांच अधिकारी गुरशरण सिंह ग्रेवाल (एस.पी.-डी) पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर से जांच अधिकारी बदलने की मांग की है। 

इस मांग पर एस.एस.पी. ने अब इस मामले की जांच आशीष कपूर (एस.पी.सिटी-1) को सौंप दी है। पीड़िता ने शिकायत में पूर्व जांच अधिकारी एस.पी. गुरशरण सिंह के रीडर पर भी आरोपियों की मदद करने का आरोप लगाया है। वहीं पीड़िता के भाई ने कहा है कि पुलिस इस मामले में आरोपियों को बचाने में लगी हुई है। 

आरोपियों की मांग पर दोबारा हुई थी जांच: पीड़िता के भाई ने बताया कि मोहाली थाने में दर्ज करवाई गई एफ.आई.आर. के खिलाफ जैली समेत अन्य आरोपी पुन: जांच की मांग करते हुए 26 अक्तूबर को एस.एस.पी. से मिले थे। इसके बाद मामले की जांच एस.पी.(डी) गुरशरण सिंह ने की लेकिन वह आरोपियों को समय देते रहे और हमें बुलाकर केस वापस लेने का दबाव बनाते रहे। केस वापस न लेने की सूरत में केस कैंसल करने की धमकी तक दी गई थी। अपनी मर्जी से हमें बयान लिखवाने के लिए मजबूर करते रहे।

सिंगिंग सिखाने के बहाने बनाया था शिकार: पीड़ित मॉडल ने पिछले वर्ष 29 सितम्बर को तत्कालीन एस.एस.पी. इंद्रमोहन भट्टी को शिकायत दी थी। इसमें उसने पंजाबी गायक जुझार नगर (मोहाली) निवासी जरनैल सिंह उर्फ जैली, खरड़ के स्वर्ण सिंह व मोहाली फेज-3 के मङ्क्षनद्र व चरणप्रीत सिंह पर अपहरण व दुष्कर्म का आरोप लगाया। 

पीड़िता ने कहा कि उसे नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसकी वीडियो फिल्म बनाकर उसे ब्लैकमेल करते हुए कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी स्वर्ण सिंह और दो अन्य आरोपी जैली की प्रोडक्शन टीम से जुड़े हुए थे। पीड़िता ने शिकायत में कहा था कि वह जैली के पास सिंगिंग सीखने आई थी। जैली ने उसे सैक्टर-57 में ट्रेनिंग के लिए बुलाया। 

यहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर पहली बार सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। इस दौरान पीड़िता एक बार गर्भवती भी हो गई थी। उसका आरोपियों ने जबरन गर्भपात करवा दिया था। 

जैली ने नकारा था आरोपों को : वहीं इस मामले में मुख्य आरोपी जैली ने खुद पर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा था कि 3 सितम्बर 2014 को इस मॉडल के साथ उसकी चंडीगढ़ के समीप एक गुरुद्वारे में शादी हुई थी। लड़की ने उससे झूठ बोला था कि उसका उसके पति से तलाक हो गया है, जबकि उसका केस अदालत में विचाराधीन था। 

Advertising