Punjab में एक और एनकाउंटर: मेडिकल स्टोर मालिक हत्याकांड का मुख्य शूटर घायल

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 09:59 PM (IST)

गुरदासपुर/डेरा बाबा नानक (हरमन, हरजिंद्र गोराया) :  गुरदासपुर ज़िले के डेरा बाबा नानक इलाके में बटाला पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान मेडिकल स्टोर मालिक रणदीप सिंह की हत्या मामले का मुख्य शूटर निशान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया है।

गौरतलब है कि बीते दिनों डेरा बाबा नानक में मेडिकल स्टोर मालिक रणदीप सिंह पर गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले को फिरौती से जोड़कर देखा जा रहा था। पुलिस ने आज निशान सिंह को अमृतसर के गुरु राम दास अस्पताल से गिरफ्तार किया था।

पुलिस के अनुसार देर शाम निशान सिंह को पिस्तौल की बरामदगी के लिए डेरा बाबा नानक के नज़दीक एक सुनसान जगह पर ले जाया गया। इसी दौरान उसने अचानक पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। निशान सिंह द्वारा चार राउंड फायर किए गए, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान निशान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि इस वारदात में शामिल शूटर के दो अन्य साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के विदेश में बैठे गैंगस्टरों के साथ सीधे संपर्क हैं और मेडिकल स्टोर मालिक से फिरौती की मांग पूरी न होने के कारण ही यह हमला किया गया था। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News