इमारतें गिराईं तो सुखना में फैंक देंगे सारा मलबा : विधायक संधू

Monday, Mar 09, 2020 - 08:54 AM (IST)

नयागांव(मुनीष) : हाईकोर्ट की ओर से सुखना कैचमैंट एरिया में बनाए रिहायशी और कमर्शियल इमारतों को तीन महीनों में गिराने के आदेश के खिलाफ लोग लामबंद होने लगे हैं। रविवार को ट्रिब्यून कॉलोनी में कांसल, कैंबवाला, सकेतड़ी और खुड्डा अलीशेर के सैंकड़ों लोग फैसले के खिलाफ एकजुट हुए। 

यहां विधायक कंवर संधू, पूर्व विधायक जगमोहन सिंह कंग और शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज रणजीत सिंह गिल, पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मलूका भी पहुंचे। रणजीत सिंह गिल ने लोगोंं से कहा कि वह हर समय लोगों की सेवा में हाजिर हैं, मुझे जिस सेवा में लगाएंगे, मैं साथ खड़ा हूं। 

कानून से कानूनी लड़ाई लड़ेंगे :
विधायक कंवर संधू ने कहा कि हाइकोर्ट के फैसले से जो लोगों को धक्का लगा है, उसका उन्हें दुख है क्योंकि उनका घर भी कांसल में है और मैं यहां 15 साल से रह रहा हूं। उन्होंने कहा कि डरने की बात नहीं। हम कानून से कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। 

अगर हमारी इमारतें गिराईं तो सारा मलबा हम सुखना में फैंक देंगे, जिससे सुखना भी नहीं बचेगी, जिसके लिए यह लड़ाई चल रही है। संधू ने लोगों से अपील भी की कि नई इमारतें न बनाएं। इसका विपरीत असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जल्द हीं 11 सदस्यीय कमेटी का गठन भी किया जाएगा, जो लोकहित में बनाई जाएगी और हमारी लड़ाई लड़ेगी।

पहले मुझ पर चढ़ेगा बुल्डोजर : कंग
पूर्व मंत्री जगमोहन सिंह कंग ने कहा कि कांग्रेस सरकार लोगों के साथ हर समय खड़ी है। हम किसी का मकान नहीं गिरने देंगे। अगर कोई गिराने आता है तो पहले मुझ पर बुल्डोजर चढ़ेगा। उसके बाद आगे मकानों पर जाएगा। उन्होंने कहा कि आप हौसला मत छोड़ो।

मकानों को नहीं गिरने देंगे :
स्थानीय निवासी सुदेश कुमारी ने कहा कि हाईकोर्ट ने लोगों को उजाडऩे का जो फैसला सुनाया है उसका विरोध करते हैं। अपनी पूरी जिंदगी की कमाई खर्च कर मकान बनाए हैं तो उन्हें हम गिरने नहीं देंगे, इसके लिए चाहे हमारी जान क्यों न चली जाए। 

एक लेक के लिए हजारों लोगों को उजाड़ा जा रहा : मलूका
अकाली दल के पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मलूका ने कहा कि हाईकोर्ट की ओर से एकतरफा फैसला सुना दिया गया है। एक लेक के पीछे हजारों लोगों को उजाड़ा जा रहा है, मगर हम हिम्मत नहीं हारेंगे। सभी डटकर सामना करेंगे। हम किसी का घर नहीं टूटने देंगे। इस दौरान अकाली-भाजपा के पूर्व सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा के बेटे सिमरजीत सिंह चंदूमाजरा ने भी लोगों के साथ खड़े होने की बात कही।

Priyanka rana

Advertising