बड़ी राहत : मोहाली में एक दिन में 35 मरीजों ने दी कोरोना को मात

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2020 - 02:22 PM (IST)

मोहाली (ब्यूरो) : कोरोना महामारी से जंग लड़ रहे जिले के लिए शुक्रवार का दिन अच्छा साबित हुआ। जिले में लगातार चौथे दिन कोई नया केस नहीं आया। वहीं, 35 लोगों ने एक साथ कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती। अब जिला में सिर्फ 7 एक्टिव मरीज रह गए हैं। 

सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि केंद्र व पंजाब सरकार द्वारा जारी की गई नई गाइडलाइन के तहत इनको अस्पताल से छुट्टी दी गई है। इनमें अस्पताल में भर्ती होने के 10 दिन के बाद कोरोना संबंधी कोई लक्षण नहीं थे। इनका इलाज बनूड़ स्थित ज्ञान सागर अस्पताल में चल रहा था। 

हालांकि सभी मरीजों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे 7 दिनों तक होम क्वॉरंटाइन रहेंगे। उन्हें घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, सेहत विभाग की टीमों द्वारा उनकी नियमित जांच की जाएगी। दूसरी तरफ अब मोहाली ऑरेंज से ग्रीन जोन में आ जाएगा। जल्दी ही इस संबंधी केंद्र सरकार द्वारा नोटिफिकेशन जारी कर दी जाएगी।

बाकी मरीजों की हालत स्थिर :
मोहाली में अब तक 105 कोरोना केस सामने आए हैं। इनमें से 3 लोगों की मौत हो चुकी है। अब 95 लोग ठीक हो चुके हैं। 8 मरीजों को पहले ही छुट्टी मिल चुकी है। इनमें से कुछ मरीजों का इलाज चंडीगढ़ के अस्पतालों में भी हुआ था। 

सिविल सर्जन ने बताया कि बाकी सभी मरीजों का इलाज ज्ञान सागर अस्पताल में चल रहा है। सभी की हालत स्थिर है। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने लोगों से अपील की कि वे छोटी-मोटी बीमारी के लिए घरों से न निकलें। गंभीर बीमारी में उन्हें अस्पतालों में आने के लिए कहा गया। लोगों को हैल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क करने के लिए कहा गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News