Murder : शराब के नशे में धुत्त व्यक्ति ने साथी को ऐसे दी दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Wednesday, Jan 16, 2019 - 08:56 PM (IST)

सलूणी: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिला के अंतर्गत आते धारगला में मंगलवार देर शाम एक व्यक्ति ने शराब के नशे में धुत्त होकर अपने ही साथी का मर्डर कर दिया। फिलहाल पुलिस ने 2 चश्मदीद गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस थाना किहार मेंं मर्डर का मामला दर्ज कर आरोपी अशोक कुमार पुत्र खोजू को बुधवार दोपहर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म कबूल किया है। मामले की गहनता से छानबीन करने के लिए एस.पी. चम्बा डा. मोनिका ने बुधवार को घटनास्थल का दौरा कर मृतक के अन्य साथियों के अलग-अलग बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। 

7 दोस्तों ने धारगला में एकसाथ बैठकर पी शराब

जानकारी के अनुसार बीती रात करीब साढ़े 7 बजे बलदेव राम (मृतक) पुत्र ठीमू गांव धार, विपिन कुमार पुत्र संत राम गांव धार, भीम सिंह उर्फ  संजू गांव धार, अशोक कुमार पुत्र खोजू राम गांव धार, जगदीश व सुनील कुमार जो एच.आर.टी.सी. का चालक है, सभी ने धारगला मेंं एक साथ बैठकर शराब पी। उनमें एक साथी साहब सिंह भी बैठा मगर उसने शराब नहीं पी। जगदीश और सुनील कुमार ने शराब का एक-एक पैग लिया और साहब सिंह के साथ वहां से चले गए। शराब के नशे मेंं धुत्त होकर एक ही गांव के 4 लोग विपिन कुमार, अशोक कुमार, भीम सिंह व बलदेव घर के लिए निकले।

आरोपी ने लात मारकर 500 मीटर खाई में धकेला साथी

जब वे पंचायत घर सिंगाधार के पास पहुंचे तो अशोक व भीम सिंह की किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। अशोक भीम सिंह पर बैल्ट मारने लगा जिससे भीम सिंह सड़क से नीचे लुढ़क गया। उसे बचाने के लिए जब बलदेव कोशिश कर रहा था तो पीछे से आरोपी अशोक कुमार ने बलदेव को लात मारी, जिससे बलदेव करीब 500 मीटर खाई में जा गिरा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद अन्य तीनों अलग-अलग रास्ते भागे। पंचायत से आगे कुछ दूरी पर अशोक और भीम सिंह फिर लड़ने लगे। इस दौरान पास के मकान मालिक ने भीम सिहं की माता को फोन किया, जिस पर भीम सिंह की माता और उसका छोटा बेटा मौके पर आए और भीम सिंह को वहां से लेकर चले गए।

वीरेंद्र नामक व्यक्ति ने रास्ते में पड़ा देखा शव

इसके बाद जब वीरेंद्र नामक व्यक्ति अपने घर जा रहा था तो उसने रास्ते मेंं बलदेव का शव देखा और धार वार्ड की महिला सदस्य के पति लेखराज को सूचित किया, जिस पर लेखराज ने इसकी सूचना पुलिस चौकी सलूणी थाना किहार को दी। सूचना मिलते ही एस.डी.पी.ओ. रामकर्ण राणा पुलिस दल सहित मौके पर पहुंचे और कानूनी कार्रवाई कर शव को कब्जे में लिया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करने के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।

अदालत मेंं पेश किया जाएगा आरोपी

एस.पी. चम्बा डा. मोनिका ने बताया कि पुलिस ने पुलिस थाना किहार मेंं अशोक कुमार के खिलाफ  भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को वीरवार को अदालत मेंं पेश किया जाएगा। वहीं बलदेव के शव को पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News