भारत-पाक सीमा पर मिठाई व फलों का आदान-प्रदान

punjabkesari.in Wednesday, Dec 12, 2018 - 04:25 PM (IST)

फाजिल्का (लीलाधर): सीमा सुरक्षा बल पंजाब फ्रंटियर के आई.जी. महीपाल यादव भारत-पाक सीमा के अंतर्राष्ट्रीय सादकी बॉर्डर पर पहुंचे। उनके साथ बी.एस.एफ. अबोहर रेंज के डी.आई.जी. टी.आर. मीना, 181 बटालियन के कमांडैंट मयंक द्विवेदी, 169वीं बटालियन के कमांडैंट पी.के. पंकज व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। आई.जी. ने सीमा सुरक्षा बल के उन जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए जिन्होंने भारत-पाक 1971 युद्ध में देश के लिए शहादत दी। आई.जी. यादव ने दोनों देशों के  बीच होने वाले रिट्रीट सैरेमनी को देखा। 

 
उन्होंने सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ-साथ पाक रेंजरों को मिठाई व फलों की टोकरी दी। आई.जी. महीपाल यादव ने बताया कि फाजिल्का के सादकी बॉर्डर को और विकसित किया जा रहा है। रिट्रीट सैरेमनी के दर्शकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उनकी सुविधा के लिए और इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने सीमावर्ती किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके सुझाव लिए। 


इस दौरान बार्डर एरिया संघर्ष कमेटी के प्रधान रमेश वढ़ेरा, बॉर्डर एरिया विकास फ्रंट के प्रधान लीलाधर ने किसानों व सीमावर्ती क्षेत्र की समस्याओं बारे बताया। उन्होंने कहा कि किसानों व सीमा सुरक्षा बल का भाईचारा और आपसी तालमेल पहले की तरह कायम है।सीमावर्ती क्षेत्र के लोग भी असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखते हैं और इसकी सूचना तुरंत अधिकारियों तक पहुंचाते हैं। बाद में यादव आसफवाला में बनी शहीदों की समाधि पर पहुंचे। जहां समाधि की प्रबंधक कमेटी के प्रधान संदीप गिल्होत्रा, प्रफुल्ल चंद्र नागपाल, हैप्पी ठकराल, दिनेश ठकराल, शफी बब्बर आदि ने उनका स्वागत किया। आई.जी. व अन्य अधिकारियों ने 1971 के युद्ध में शहीद हुए सैनिकों, बी.एस.एफ. के जवानों, होमगार्ड्स के जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News