नगर निगम चुनाव के 5 दिन शेष, नहीं जमा हुए सभी लाइसैंसी हथियार

punjabkesari.in Wednesday, Dec 12, 2018 - 11:32 AM (IST)

 

हिसार(राठी): नगर निगम चुनाव को लेकर लाइसैंसी हथियार जमा करवाने में तेजी नहीं आई है। अब तक सिर्फ 55 प्रतिशत ही हथियार जमा हो गए हैं जबकि 16 दिसम्बर को चुनाव होने हैं। अभी तक 45 प्रतिशत लोगों के पास हथियार मौजूद हैं। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को शीघ्र ही शेष बचे हथियारों को जमा करने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम एरिया में पुलिस लाइसैंसी हथियारों के दर्ज आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो सबसे ज्यादा मिल गेट क्षेत्र में लाइसैंसी हथियार लोगों के पास हैं।

इस क्षेत्र की कई कालोनियां संवेदनशील क्षेत्र में आती हैं। यही नहीं इस क्षेत्र में अति संवेदनशील बूथ हैं। यहां पर 632 लोगों के पास लाइसैंसी हथियार हैं। इसके अलावा शहर थाना क्षेत्र में 623, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 579, अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र में 327, आजाद नगर थाना क्षेत्र में 204 और सदर थाना क्षेत्र में 49 लाइसैंसी हथियार हैं।14 तक जमा करवाने होंगे हथियार नगर निगम एरिया में जिन लोगों ने लाइसैंसी हथियार ले रखे हैं उन्हें 14 दिसम्बर तक अपने-अपने थाना क्षेत्र में हथियार जमा करवाने होंगे। सभी थाना प्रभारियों के पास पुलिस प्रशासन ने लिस्ट भेज रखी है। इस लिस्ट में लाइसैंस धारक का नाम, पता दर्ज है। साथ ही सम्पर्क नम्बर भी लिखा हुआ है। ज्ञात रहे कि नगर निगम एरिया में 2424 लोगों के पास लाइसैंसी हथियार हैं।

हथियार जमा न करवाने वालों का हो सकता है लाइसैंस रद्द पुलिस की मानें तो जो लाइसैंस धारक अपने हथियार निर्धारित समय सीमा में हथियार जमा नहीं करवाएंगे, उनके लाइसैंस रद्द करने की पुलिस प्रशासन द्वारा डी.सी. को सिफारिश की जाएगी। हालांकि कुछ लोगों को इसमें छूट मिल सकती है, जिसकी सूचना लाइसैंस धारक को लिखित में पुलिस प्रशासन को देनी होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static