गोरखपुर में बोले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद- शिक्षा से ही होगा देश का विकास

punjabkesari.in Tuesday, Dec 11, 2018 - 04:08 PM (IST)

गोरखपुर: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शिक्षा को विकास की कुंजी बताते हुए कहा कि शिक्षा से ही देश विकसित होगा। कोविंद गोरखनाथ मंदिर परिसर में स्थित महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद संस्थापक सप्ताह के समापन और सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि शरीक हुए। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही देश का विकास होगा। समाज के शिक्षित होने से देश विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। देश के विकास के लिए शिक्षा मुख्य आधारशिला है। शिक्षा ही विकास की कुंजी होती है। कोविंद ने कहा कि देश के युवाओं की सबसे बड़ी संख्या उत्तर प्रदेश में ही है। यह अपने आप में एक बहुत बड़ी संपदा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में इन्फॉरमेशन टेकनालोजी और स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए नई नीति लागू की गई है। युवाओं को रोजगार देने के लिए सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इन प्रयासों से प्रदेश के विकास में युवाओं की भागीदारी और बढ़ेगी। पूर्वांचल क्षेत्र के विकास के बिना उत्तर प्रदेश के सम्पूर्ण विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है। कोविंद ने विद्यार्थियों को महाराणा प्रताप के जीवन आदर्शों को अपनाने की सीख दी। साथ ही 2032 तक गोरखपुर को नॉलेज सिटी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर व्यक्ति को अच्छा इंसान बनाती है। भारत के विकास का मतलब शिक्षा का विकास है। गौतमबुद्ध और संत कबीर महान शिक्षक थे।

उन्होंने कहा कि 20वीं सदी में भारतीय दर्शन और क्रिया योग के प्रति देश-विदेश में लोगों का ध्यान आकर्षित करने वाले परमहंस योगानंद का जन्म गोरखपुर में हुआ था। हजरत रोशन अली शाह जैसे संतों मोहम्मद सैयद हसन, बाबू बंधू सिंह और पंडित राम प्रसाद बिस्मिल जैसे शहीदों की स्मृतियों से जुडे़ यह गोरखपुर क्षेत्र, बाबा राघवदास जैसे राष्ट्रसेवी संत और महान साहित्यकार मुंशी प्रेम चंद की कर्मस्थली भी रहा है। उन्होंने कहा कि मुंशी प्रेम चन्द के कथासंसार में हमें गोरखपुर विशेषकर यहां के ग्रामीण अंचल की झलक दिखाई देती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static