हिमाचली लोग बोलते कम, सोचते ज्यादा हैं : नड्डा

punjabkesari.in Monday, Dec 10, 2018 - 07:05 PM (IST)

बिलासपुर : केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्ली में हिमाचल सोशल बॉडीज फैडरेशन द्वारा आयोजित हिमाचल मिलन के 47वें वाॢषक समारोह को संबोधित किया। हिमाचल सोशल बॉडीज फैडरेशन दिल्ली एन.सी.आर. और हिमाचल में रहने वाले हिमाचलियों के कल्याण के लिए काम कर रहा एक सामाजिक संगठन है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश में रहने वालों की पहचान संपूर्ण विश्व में एक सच्चे, मेहनतकश पहाड़ी की है। हमारी ताकत, मेहनत, ईमानदारी, लगाव और निष्ठा हमारी पहचान है जिसे हमें संभाल कर रखना है। नड्डा ने कहा कि हिमाचली लोग बोलते कम, सोचते ज्यादा हैं और जब बोलते हैं तो वह बहुत तुला हुआ रस होता है। उन्होंने कहा कि हिमाचलियों की चुप्पी कमजोरी नहीं हमारी ताकत है। यह पहाड़ी होने की विशेषता है जोकि समूचे हिमाचल प्रदेश में एक समान रूप से मिलती है। नड्डा ने आगे कहा कि वर्ष 1961 में हिमाचल प्रदेश की साक्षरता दर राष्ट्रीय स्तर से नीचे थी और आज यह देश के अग्रणी 3 में है तथा हिमाचल प्रदेश साक्षरता दर में सबसे आगे है।

फैडरेशन को 1 लाख रुपए की सहायता राशि भी प्रदान की

नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनसंख्या मात्र 60-70 लाख होने पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से प्रदेश में 7 मैडीकल कालेज खुले हैं और 1 एम्स की सौगात मिली है जोकि जल्द ही बनकर तैयार होगी और संपूर्ण प्रदेश को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश लगभग 1000 डाक्टर्स प्रति वर्ष पैदा करेगा। नड्डा ने कहा कि  हिमाचल प्रदेश की जनता ने देश के सभी क्षेत्रों में अपना योगदान देने के साथ-साथ देश की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है जोकि सर्वविदित है। नड्डा ने अंत में संस्था के द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की तारीफ  की और आयोजकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस संस्था ने 20-22 संस्थाओं को एक साथ जोड़ा है जोकि सराहनीय है। उन्होंने इसको और मजबूती देकर एक संरचनात्मक रूप में स्थापित करने का निवेदन किया जिससे हिमाचल की आवाज एकजुट आवाज बने। नड्डा ने हिमाचल सोशल बॉडीज फैडरेशन के द्वारा हिमाचल प्रदेश की जनता के लिए चलाए जा रहे अनेक लाभकारी योजनाओं की सहायता के लिए फैडरेशन को 1 लाख रुपए की सहायता राशि भी प्रदान की।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News