सतिंदर सरताज को मिला संगीत सरताज अवॉर्ड
punjabkesari.in Monday, Dec 10, 2018 - 01:09 PM (IST)
मोहाली(नियामियां) : पी.टी.सी. पंजाबी म्यूजिक अवार्ड्स 2018 गत रात्रि जे.एल.पी.एल. सैक्टर-66 ए में आयोजित किया गया। इस अवसर पर हंस राज हंस को लाइफ टाइम अचीवमैंट अवॉर्ड दिया गया जबकि सतिंदर सरताज को संगीत सरताज का अवार्ड दिया गया।
सुदेश और अर्जन ने अपने चिर-परिचित अंदाज और अपनी जबरदस्त कॉमेडी के जरिए दर्शकों को लोटपोट कर दिया। मनीष की हाजिर जवाबी, सारा और गौहर खान के ग्लैमरस लुक ने सबका दिल जीत लिया, वहीं आर.जे. रॉकी के लाजवाब अंदाज के तो क्या कहने। संगीत के दीवानों ने अपने पसंदीदा गायकों का जहां खूब लुत्फ उठाया तो वहीं पंजाबी संगीत जगत के धुरंधरों ने एक साथ एक मंच पर धमाल मचा दिया।
हर साल की तरह इस साल भी नामी कलाकारों ने पी.टी.सी. पंजाबी म्यूजिक अवार्ड्स नाइट की शोभा बढ़ाई, जिनमें जैजी-बी, जैसमिन सैंडलस, गौहर खान, स्टैंड-अप कॉमेडियन सुदेश और मशहूर गायक राजवीर जवांदा, मनी सिंह, कादिर थिंद, जी. सिद्धू, मीत कौर, शिवजोत, कुंवर विर्क, गुरशब्द, गुरप्रीत मान और निशा बानो शामिल थे।
पी.टी.सी. नैटवर्क के हैड और एम.डी. रबिन्द्र नारायण ने बताया कि पी.टी.सी. पंजाबी म्यूजिक अवॉर्डस को एक मिशन के साथ शुरू किया गया था तथा आज यह शो 11वें साल में सफलतापूर्वक प्रवेश कर चुका है। अवॉर्ड शो के दौरान फखर ए कमाल अवॉर्ड इरशाद कामिल को तथा विरसे दे वारिस अवॉर्ड मनमोहन वारिस को प्रदान किया गया।