30 के दुष्यंत ने जींद की धरती पर दोहराया 32 साल पुराना इतिहास

punjabkesari.in Monday, Dec 10, 2018 - 11:49 AM (IST)

जींद: हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला ने 30 वर्ष की उम्र में जींद की धरती पर 32 साल पुराने इतिहास को रविवार को दोहरा दिया। 32 साल पहले उनके परदादा चौधरी देवीलाल ने जींद की धरती पर ऐतिहासिक समस्त हरियाणा सम्मेलन किया था। अब 32 साल बाद उनके परपोते सांसद दुष्यंत चौटाला ने समस्त हरियाणा सम्मेलन में लाखों की भीड़ जुटाकर खुद को जननायक चौधरी देवीलाल के असली उत्तराधिकारी के रूप में स्थापित कर दिया। सम्मेलन में लगातार दुष्यंत-दुष्यंत के नारे लगते रहे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि वह अभिमन्यु हैं लेकिन उन्होंने चक्रव्यूह को भेदना अपने पिता डा. अजय सिंह चौटाला व मां नैना चौटाला से सीखा है। 

सफल रैली के आयोजन से सांसद दुष्यंत चौटाला ने जननायक चौधरी देवीलाल की राजनीतिक नंबरदारी पर अपने चाचा अभय सिंह चौटाला की जगह अपना दावा मजबूती से ठोंक दिया। उन्होंने रैली के मंच से कहा भी कि हरी पगड़ी चौधरी देवीलाल की थी। उसके बाद यह उनके दादा ओमप्रकाश चौटाला के सिर पर आई और इस पगड़ी पर उनके बाद उनके बड़े बेटे डा. अजय सिंह चौटाला का हक है। सम्मेलन में दिग्विजय चौटाला ने कहा कि दुष्यंत प्रदेश के सी.एम. बनेंगे और जनता की ताकत के सामने वह ताकत घुटने टेक देगी, जिन्होंने दुष्यंत चौटाला और उनके पिता के खिलाफ बड़ी राजनीतिक साजिश रची थी।  

चोटी में ला दिया पसीना: नैना
नैना चौटाला ने कहा कि जिन ताकतों ने आपके चहेते दुष्यंत और दिग्विजय के खिलाफ साजिश रची थी, आज उन ताकतों की चोटी में लाखों की इस भीड़ ने पसीना ला दिया है। मंच से पूर्व वी.सी. डा. के.सी. बांगड़ ने नैना चौटाला को झांसी की रानी की संज्ञा दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static