हिमाचल में सीमेंट प्लांट नहीं लगने देगी कांग्रेस: सुक्खू

punjabkesari.in Sunday, Dec 09, 2018 - 04:13 PM (IST)

शिमला (पंकज राक्टा): हिमाचल में सीमेंट प्लांट स्थापित करने को लेकर भाजपा सरकार की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। कांग्रेस पार्टी ने सीमेंट प्लांट की स्थापना का कड़ा विरोध करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एेलान किया है कि हिमाचल में कोई नया सीमेंट उद्योग नहीं लगने दिया जाएगा। सीमेंट कंपनियां सरकार से रियायतें पाकर प्रदेश के लोगों को लूटने का काम कर रही हैं। सीमेंट कंपनी में एक बैग 60 से 70 रुपए में तैयार होता है,जबकि लोगों को मार्किट में 360 से 370 रुपए का मिल रहा है। सरकार महंगे सीमेंट से जनता को छुटकारा दिलाने की बजाए मूकदर्शक बनी हुई है।

अधिकांश युवा ड्राइवर की नौकरी पाने के बाद बन जाते हैं नशेड़ी

सुक्खू ने कहा कि हिमाचल के युवाओं को सीमेंट कंपनियों में रोजगार भी ड्राइवर का ही मिलता है। अधिकांश युवा ड्राइवर की नौकरी पाने के बाद नशेड़ी बन जाते हैं। जिससे अनेक घर बर्बाद हो चुके हैं। सीमेंट प्लांट लगने से प्रकृति व पर्यावरण को भी भारी नुकसान हो रहा है। सीमेंट कंपनियां उद्योग के आसपास के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन करती हैं। इससे प्राकृतिक संपदा का अवैध दोहन हो रहा है। उद्योग के आसपास का पूरा एरिया प्रदूषण की चपेट में आ जाता है।

कांग्रेस पार्टी सीमेंट प्लांट लगाने के पक्ष में ही नहीं

हवा में मिट्टी के प्रदूषण रूपी इतने नन्हे कण मिल रहे हैं कि प्लांट के आसपास स्थित क्षेत्र के लोगों का सांस लेना मुश्किल है। सुक्खू ने बताया कि इसे देखते हुए कांग्रेस ने चंबा सहित प्रदेश के किसी भी कोने में लगने वाले प्लांट का विरोध करने का फैसला लिया है। कांग्रेस पार्टी सीमेंट प्लांट लगाने के पक्ष में ही नहीं है। चूंकि प्रदेश सरकार से हर तरह की रियायतें पाकर सीमेंट कंपनियां यहां के लोगों को महंगा व बाहरी राज्यों को सस्ता सीमेंट बेच रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News