हिमाचल में ठंड हुई प्रचंड, -9.9 डिग्री पहुंचा केलांग का तापमान

punjabkesari.in Friday, Dec 07, 2018 - 11:37 PM (IST)

शिमला: हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों में अब ठंड अपना प्रचंड रूप धारण कर रही है। बीते 24 घंटों में किन्नौर के कल्पा में हुई बर्फबारी व मनाली में हुई बारिश से तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में 3 से 4 डिग्री तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को दोपहर में ही अधिक ठंड का सामना करना पड़ रहा है। जहां बीती शाम को जनजातीय जिला किन्नौर के कल्पा में 3 इंच तक रुक-रुक कर हिमपात हुआ, वहीं पर्यटन नगरी मनाली में भी 2 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।

9 दिसम्बर से बारिश व बर्फबारी की संभावनाएं

हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में 9 दिसम्बर से बारिश व बर्फबारी की संभावनाएं व्यक्त की गई हैं। आने वाले 13 दिसम्बर तक प्रदेश भर में मौसम विभाग ने बारिश व बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है। बारिश की संभावनाओं के चलते प्रदेश में पहले से ही ठंड और भी प्रचंड रूप धारण कर रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश भर में ठंड और भी प्रचंड रूप धारण कर सकती है। 

शिमला का न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सैल्सियस

प्रदेश में बीते 24 घंटों में सबसे अधिक केलांग में तापमान में गिरावट आई। यहां पर तापमान माइनस 3.0 गिरकर माइनस 9.9 पर पहुंच गया है। इसके साथ ही राजधानी शिमला में भी तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे शिमला का न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया। सुंदरनगर में तापमान में माइनस 1.9 डिग्री तक गिरावट होने से यहां 0.7 डिग्री तक न्यूनतम तापमान पहुंच गया है।

धर्मशाला में तापमान में माइनस 0.4 तक की गिरावट

धर्मशाला में भी तापमान में माइनस 0.4 तक की गिरावट हुई। इससे यहां का तापमान 7.2 तक पहुंचा। इसी तरह मनाली में माइनस 2.2 डिग्री सैल्सियस तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई और यहां पर माइनस 2.2 डिग्री सैल्सियस तक तापमान पहुंच गया। डल्हौजी में भी 1.6 तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे यहां पर न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News