पूर्व वन मंत्री भरमौरी ने मंडी सीट से ठोकी ताल, कहा- हाईकमान कहे चुनाव लड़ने को तैयार

punjabkesari.in Friday, Dec 07, 2018 - 12:20 PM (IST)

चंबा (अमृत पाल): हिमाचल प्रदेश की सर्द वादियों में लोकसभा चुनावों की सरगर्मियां धीरे-धीरे बढ़ती जा रही हैं। हिमाचल कांग्रेस में टिकटों को लेकर मचे कोहराम के बीच अब पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने भी ताल ठोक दी है। जब उनसे लोकसभा चुनावों में प्रत्याशी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर हाईकमान चाहेगी तो वह चंबा- कांगड़ा या फिर मंडी हल्के से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा है कि हाईकमान जहां से उन्हें चुनाव लड़ाना चाहे वह दोनों तरफ से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि गद्दी समुदाय की हमेशा से अनदेखी की गई है। लोकसभा में बहुत कम गद्दी समुदाय केलोगों को मौका मिला है और वह चाहते हैं कि इस बार उन्हें लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के रूप में किसी भी सीट से लड़ाया जाए और वह वहां पर अवश्य ही जीत कर आएंगे। अगर राजा वीरभद्र सिंह जी मंडी हलके से चुनाव नहीं लड़ते हैं तो वह वहां पर जिसे चुनाव लड़ेंगे उसके लिए वह तैयार हैं। 

भरमौर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक का आयोजन

जानकारी के मुताबिक चंबा जिला के मैहला में शुक्रवार भरमौर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक का आयोजन आईपीएच रेस्ट हाउस परिसर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लाक कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राज सिंह ठाकुर ने की। इसमें पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी व जिला परिषद सदस्य अमित भरमौरी भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा के अलावा लोकसभा चुनावों को लेकर चर्चा की गई। पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ताओं से गिले-शिकवे भुलाकर चुनावों की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया। इस मौके पर लोकसभा क्षेत्र मंडी के लिए भरमौर हल्के के प्रभारी राज ठाकुर द्वारा सभी बूथों पर 10-0 कार्यकर्ताओं के नाम चयनित कर हाई कमांड के लिए भेज दिए गए हैं। यह सभी लोग अपने-अपने बूथ पर आने वाले लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के लिए कार्य करेंगे।

हर पोलिंग बूथ से 10-10 कार्यकर्ताओं की सूची तैयार

लोकसभा चुनावों के लिए भरमौर हल्के से चुनाव प्रभारी राज सिंह ठाकुर ने बताया कि कांग्रेस हाईकमान की तरफ से जो आदेश उन्हें हुए थे कि हर विधानसभा क्षेत्र में एक प्रभारी नियुक्त किए गया हैं। उसके लिए मुझे भरमौर क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है, उसके लिए वह चाहेंगे कि विधानसभा क्षेत्र भरमौर में जितने भी कार्यकर्ता हैं वे एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी के साथ चलें कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाएं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी के सभी संगठन इकट्ठा होकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाएं और लोकसभा चुनावों में भारी बहुमत से कांग्रेस को जीत दिलाए। भरमौरी ने कहा कि भरमौर हल्के के प्रभारी राज ठाकुर की अध्यक्षता में एक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आने वाले लोकसभा के चुनाव की तैयारी के बारे में चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि हर पोलिंग बूथ से 10-10 कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की गई है जिसे दिल्ली कांग्रेस हाईकमान को भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि खुशी की बात है राहुल गांधी जी ने प्रधानमंत्री मोदी जी को मुद्दों पर जिस तरह से घेरा हुआ है, उसी तरह से कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता भी भाजपा को घेरेंगे। 

प्रदेश में और केंद्र में दोनों जगह पर सरकार हर क्षेत्र में पूरी तरह से फेल

उन्होंने बताया कि भेड़ फॉर्म को उन्होंने भनोता के लिए स्थानांतरित किया गया था, लेकिन सरकार बदलने के बाद यह लोग भेड़ फार्म को हमीरपुर ले गए। उन्होंने सरकार पर झूठ बोलने का इलजाम लगाया। उन्होंने पूर्व में रहे मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल के बारे में बताते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में प्रिंसिपल को यहां पर लगाया गया था। उन्होंने बड़ी मेहनत से पूरे हिंदुस्तान में जाकर डॉक्टर को इकट्ठा कर कॉलेज को चलाया था। लेकिन जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो उस प्रिंसिपल के ऊपर भ्रष्टाचार के इलजाम लगाकर उसके बाद यहां एक स्थानीय प्रिंसिपल को यहां लगाया गया, जो मैडिकल कॉलेज चलाने में सक्षम नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार चाहती है कि इस कॉलेज को बंद करके इसे यहां से कांगड़ा बदला जाए। प्रदेश में और केंद्र में दोनों जगह पर सरकार हर क्षेत्र में पूरी तरह से फेल हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News