पुलिस के लिए पहेली बना आदित्य इन्सां, खास शख्स के इशारे पर हिंसा का तांडव

punjabkesari.in Friday, Dec 07, 2018 - 11:11 AM (IST)

सिरसा(सेतिया): डेरा चीफ को सजा होने के बाद पंचकूला एवं सिरसा में उपद्रवियों की भीड़ ने जिस खास शख्स के इशारे पर हिंसा का तांडव किया, पुलिस के हाथ उस शख्स के गिरेबां तक नहीं पहुंचे हैं। रोचक बात यह देखिए कि पुलिस ने उस शख्स पर एक लाख रुपए का ईनाम बढ़ाकर 5 लाख कर दिया। उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा से लेकर नेपाल तक कि सड़कों को अनेक बार नाप चुकी पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं। यह शख्स है आदित्य इन्सां। घटना के सवा साल के बाद भी पुलिस आदित्य को पकड़ नहीं पाई है। पेशे से चिकित्सक आदित्य डेरा का प्रमुख प्रवक्ता था। यही नहीं, आदित्य के अलावा पुलिस को अभी तक 6 ईनामी मुजरिमों सहित 2 दर्जन से अधिक संदिग्ध लोगों की तलाश है। इनमें डेरा की चेयरपर्सन रही विपासना भी शामिल है। आदित्य इन्सां आखिर कहां है? यह सवाल पुलिस के लिए अबूझ पहेली बना हुआ है।

दरअसल, 25 अगस्त को डेरा सच्चा सौदा के चीफ गुरमीत को साध्वी रेप मामले में सजा होने के बाद डेरा प्रेमियों की भीड़ ने पंचकूला व सिरसा में खूब बवाल काटा। पंचकूला में 32 की, जबकि सिरसा में 6 लोगों की मौत हो गई थी। इस हिंसा  आगजनी में करीब 250 लोग घायल हो गए थे, जबकि करोड़ों रुपए की सम्पत्ति स्वाहा हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने करीब 173 एफ.आई.आर. दर्ज करते हुए करीब 1000 लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए थे। इसी कड़ी में डेरा चीफ की सबसे बड़ी राजदार हनीप्रीत व डेरे में अपना खासा प्रभाव रखने वाले आदित्य इन्सां के खिलाफ पंचकूला एस.आई.टी. पुलिस ने 1 सितम्बर 2017 को लुकआऊट नोटिस जारी किया। 

27 दिसम्बर 2017 को पुलिस ने आदित्य इन्सां के ऊपर एक लाख रुपए का ईनाम रखा और इसी साल 7 फरवरी को ईनाम बढ़ाकर 5 लाख रुपए का कर दिया। इससे पहले पुलिस की ओर से आदित्य की सम्पत्ति कुर्क करने संबंधी नोटिस भी जारी हुआ। रोचक पहलू यह भी है कि आदित्य तक पुलिस के हाथ न पहुंचने पर कोर्ट भी पुलिस को न केवल फटकार लगा चुका है बल्कि कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की थी कि आखिर आदित्य कोई शक्तिमान है जो पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static