इंस्पायर अवार्ड के लिए हिमाचल से 1623 विद्यार्थी चयनित

punjabkesari.in Tuesday, Nov 20, 2018 - 01:08 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इंस्पायर अवार्ड के लिए प्रदेश से 1623 विद्यार्थियों का चयन किया है। प्रदेश में सबसे अधिक 428 छात्र कांगड़ा जिला से चयनित हुए हैं। सभी चयनित छात्रों के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपए की अवार्ड मनी जमा की गई है। इस अवार्ड के लिए प्रदेश से 2700 स्कूलों ने 9 हजार छात्रों की प्रपोजल भेजी थी जिसमें 1623 छात्रों का चयन हुआ है। इस अवार्ड के लिए इतनी अधिक संख्या में छात्रों का चयन होना किसी उपलब्धि से कम नहीं है। देश भर में 6 लाख स्कूलों की तुलना में प्रदेश में स्कूलों की संख्या 6500 है। राष्ट्रीय स्तर पर इस अवार्ड के लिए 50 हजार छात्रों का चयन हुआ है जिसमें से हिमाचल से चयनित छात्रों की संख्या 1623 है।

इंस्पायर अवार्ड के लिए छात्रों का चयन होने के बाद अब 15 दिसम्बर तक प्रदेश में जिला व राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन जनवरी, 2019 में होगा। एस.सी.ई.आर.टी. सोलन के राज्य नोडल आफिसर शिव कुमार शर्मा ने बताया कि इंस्पायर अवार्ड के लिए प्रदेश से 1623 छात्रों का चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि राज्य प्रदर्शनी के बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित छात्रों के लिए एन.आई.टी. हमीरपुर या मंडी में उनके लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा ताकि छात्र राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017-18 में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित 18 विद्यार्थियों के लिए एन.आई.टी. हमीरपुर में इस तरह की कार्यशाला का आयोजन किया गया था। 

इंस्पायर अवार्ड के लिए चयनित छात्रों का ब्यौरा 
बिलासपुर जिला से 40 विद्यार्थी, चम्बा से 28, हमीरपुर से 221, कांगड़ा से 428, किन्नौर से 22, कुल्लू से  75, लाहौल-स्पीति से 15, मंडी से 121, शिमला से 208, सिरमौर से 71, सोलन से 263 और ऊना जिला से 131 विद्यार्थियों का इंस्पायर अवार्ड के लिए चयन हुआ है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News