BSL नहर में डूबे 3 वाहन सवारों का 2 माह बाद भी नहीं लगा सुराग

punjabkesari.in Sunday, Nov 18, 2018 - 05:56 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश): बी.एस.एल. परियोजना नहर में 2 माह पूर्व 18 सितम्बर की रात एक जीप व तेल के टैंकर के नहर में समा जाने वाली घटना ने सुंदरनगर सहित पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया था। इस दुर्घटना में वाहन सहित 3 लोग लापता हो गए थे, जिनका आज दिन तक सुंदरनगर प्रशासन, बी.बी.एम.बी. व पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। गौरतलब है कि 18 सितम्बर देर रात सुंदरनगर बी.एस.एल. नहर में 2 वाहन गिर गए थे और जीप चालक ने अपनी गाड़ी से छलांग लगाकर जान बचाई थी। वहीं इस हादसे में 3 अन्य लोग उधमपुर, जम्मू निवासी तेल टैंकर चालक विक्रम सिंह व जीप में सवार मंडी जिला के थाची निवासी धमेंद्र कुमार और मणी राम लापता हो गए थे।

गोताखोरों की मदद के बावजूद नहीं मिली सफलता
घटना की अगली सुबह बी.एस.एल. नहर कंट्रोल गेट पर बी.बी.एम.बी. सिक्योरिटी के जवानों ने नहर के गेट पर एक तेल का टैकर देखा और स्थानीय प्रशासन, बी.बी.एम.बी. प्रशासन और पुलिस ने क्रेन की मदद से टैंकर को बाहर निकाल लिया था। इसके साथ-साथ दुर्घटना वाले स्थान से गोताखोरों व के्रन की सहायता से जीप को भी निकाल लिया गया था। लापता लोगों की तलाश के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा गोताखोरों की मदद से 3 दिन तक बी.बी.एम.बी. जलाशय में सर्च अभियान भी चलाया गया था लेकिन असफलता ही हाथ लगी।

कहीं सिल्ट के नीचे तो नहीं दबे लापता लोग
वहीं आज दिन तक इन लापता 3 लोगों के बारे में उनके परिजनों के मन में संशय ही बना हुआ है। जानकारों के अनुसार नहर में डूबने वाले शख्स 20 से 25 दिन में खुद ब खुद पानी के ऊपर तैर जाते हैं लेकिन यह बहुत अजीब मामला है कि करीब 2 महीने बाद भी उनका कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है कि नहर में पिछले कुछ समय सेे सिल्ट की मात्रा ज्यादा पहुंची है, जिससे आशंका लगाई जा रही है कहीं तीनों लापता सिल्ट के नीचे कहीं दबे न हो।

बी.बी.एम.बी. ने ठंडे बस्ते में डाला फैंसिंग का मामला
जीप व तेल के टैंकर के नहर में समा जाने वाले मामले ने बी.बी.एम.बी. प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़़े कर दिए थे। पिछले काफी लंबे समय से हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद बी.बी.एम.बी. प्रशासन ने नहर किनारे फैंसिंग का मामला ठंडे बस्ते में डाल कर रखा हुआ है। वहीं हादसे के उपरांत बी.बी.एम.बी. प्रशासन ने मौके पर मात्र खानापूर्ति के नाम पर कमजोर फैंसिंग कर अपना पल्ला झाड़ लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News