बर्फबारी के बाद ठंड की चपेट में हिमाचल, जानिए कितने डिग्री नीचे गिरा तापमान

punjabkesari.in Friday, Nov 16, 2018 - 11:01 PM (IST)

शिमला: हिमाचल के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद समूचा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। बर्फबारी के बाद कई जगहों पर कोहरा पडऩा शुरू हो गया है, ऐसे में लोग भी शाम के समय घरों में दुबकना शुरू हो गए हैं। बीते रोज राजधानी शिमला के कुफरी सहित हाटूपीक व नारकंडा में हुई बर्फबारी के बाद पर्यटकों ने बर्फबारी वाले स्थानों की ओर रुख किया। इन दिनों बर्फबारी को देखने के लिए पर्यटक प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं, जिससे कारोबारियों को अच्छा व्यवसाय होने की उम्मीद बढ़ गई है।

एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना
आने वाले दिनों में एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम के साफ रहने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। इन दिनों रात के समय पडऩे वाला कोहरा अब लोगों को अधिक ठंडक का एहसास दिला रहा है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सैल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, वहीं पर न्यूनतम तापमान भी 2 से 3 डिग्री तक नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने प्रदेशभर में एक सप्ताह तक मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है।

शिमला में 7 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
राजधानी शिमला में इन दिनों न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक पहुंच गया है। ऐसे में राजधानी के लोगों को कंपकंपाती ठंडक का एहसास नवम्बर माह में होना शुरू हो गया है। इसी तरह सुंदरनगर में भी न्यूनतम तापमान 5.4, धर्मशाला 8.4, ऊना 8.6, नाहन 8.8, मंडी में 5.0, मनाली में माइनस 0.8, हमीरपुर में 9.4, डल्हौजी में 5.8 व पर्यटन नगरी कुफरी में 3.6 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News