अब हिमाचल के लोग नहीं देख पाएंगे दूरदर्शन शिमला का प्रसारण, ये रही वजह

punjabkesari.in Friday, Nov 16, 2018 - 09:37 PM (IST)

शिमला: हिमाचल के लोग अब दूरदर्शन शिमला पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम नहीं देख पाएंगे। दूरदर्शन महानिदेशालय के आदेशों के अनुसार प्रदेश में 44 टावरों को बंद करने का फरमान जारी किया गया है। दूरदर्शन महानिदेशालय ने प्रदेश के 44 टावरों को 16 व 17 नवम्बर से बंद करने को कहा है। प्रदेश में टावरों को बंद करने का काम शुक्रवार से शुरू कर दिया है। महानिदेशालय के अनुसार इन टावरों को लगाए हुए लगभग 15 साल हो चुके हैं। इसके अलावा दूरदर्शन के अधिकांश चैनल डी.टी.एच. पर भी देखने को मिल रहे हैं। इन टावरों को चलाए रखने का कोई फायदा नहीं है।

प्रदेश के 3 प्रमुख शहरों में रहेंगे टावर
44 टावर बंद किए जाने के बाद प्रदेश में केवल 3 टावर ही रह जाएंगे, जिनमें प्रदेश के 3 प्रमुख शहरों शिमला, धर्मशाला और कसौली के टावर शामिल हैं। प्रदेश के कई जिलों में ये टावर हैं। इनमें से मंडी में कोटली बीर, शिवाबदार, निहरी, चंदैश सरकाघाट, जोगिंद्रनगर चतुर्भुजा, झंटीगरी फुलाधार, एल.पी.टी. मंडी, डी.डी. न्यूज व एल.पी.टी. सुंदरनगर के टावरों को बंद किया जा रहा है। वहीं, कुल्लू के बिजली महादेव व बंजार के अलावा लाहौल में केलांग सुमनम, झालमा बारिंग व उदयपुर में टावर लगे हैं, जिन्हें पहले चरण में बंद किया जा रहा है। इन्हीं टावरों के माध्यम से दूरदर्शन शिमला के कार्यक्रम लोगों तक पहुंचते हैं, जो अब नहीं देखे जा सकेंगे।

क्या कहते हैं निदेशक
दूरदर्शन शिमला के निदेशक विकास कुमार भट्ट ने कहा कि दूरदर्शन के 44 टावरों को बंद करने का निर्देश केंद्रीय दूरदर्शन महानिदेशालय की ओर से आया है। ये टावर लगभग 15 साल पुराने हैं। प्रदेश में 2 दिनों के भीतर सभी टावर बंद कर दिए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News