चंडीगढ़ के डी.एस.पीज का फिलहाल नहीं होगा ट्रांसफर

punjabkesari.in Thursday, Oct 18, 2018 - 10:05 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : चंडीगढ़ के डी.एस.पी. स्तर के अधिकारियों की अब अंडेमान निकोबार सहित अन्य यू.टी. में ट्रांसफर नहीं होगी। चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. का कैडर दानिप्स में मर्ज करने के नोटिफिकेशन पर बुधवार को गृह मंत्रालय ने रोक लगा दी है। मंत्रालय ने बुधवार को चंडीगढ़ प्रशासन को आदेश जारी किए कि आगामी नया आदेश आने तक इस पर रोक रहेगी। 

इसके अलावा गृह मंत्रालय ने कहा कि सिविल पदों की भर्ती चंडीगढ़ प्रशासन 60 और 40 की रेशो के तहत करे। 60 प्रतिशत भर्ती पंजाब और 40 प्रतिशत भर्ती हरियाणा से हो। 25 सितंबर को चंडीगढ़ के डी.एस.पी. कैडर को दानिप्स में मर्ज करने की नोटिफिकेशन के बाद पंजाब और हरियाणा सरकार ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर इस पर रोक लगाने की मांग की थी। दोनों राज्यों के कई नेताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ से मुलाकात कर अपना-अपना पक्ष भी रखा था।

पहले आपत्ति-सुझाव भी मांगे थे :
गृह मंत्रालय ने 8 फरवरी, 2018 को नोटिफिकेशन जारी कर चंडीगढ़ पुलिस में दानिप्स कैडर के छह डी.एस.पी. की मंजूरी दी थी। चंडीगढ़ के डी.एस.पी. को दानिप्स कैडर मर्ज करने को लेकर 20 अप्रैल को गृह मंत्रालय ने नोटिफिकेशन के ड्राफ्ट पर सुझाव और आपत्ति को लेकर पुलिस विभाग को पत्र लिखा था। 

तत्कालीन एस.पी. हैडक्वार्टर ईश सिंगल ने गृह मंत्रालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन के ड्राफ्ट चंडीगढ़ पुलिस की वैबसाइट पर अपलोड करवाई थी। उन्होंने लोगों से चंडीगढ़ के डी.एस.पी. को दानिप्स में मर्ज करने को लेकर किसी को कोई आपत्ति व सुझाव 19 मई तक यू.टी.एस. के अंडर सैक्रेटरी हिटलर सिंह ने मांगे थे। 25 सितंंबर को गृह मंत्रालय ने चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. कैडर को दानिप्स में मर्ज करने की नोटिफिकेशन जारी की थी। 

डी.एस.पी. गए थे कैट :
चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. का कैडर दानिप्स में मर्ज होने की नोटिफिकेशन जारी होने के बाद उन्हें ट्रांसफर होने की चिंता सताने लगी थी। इसीलिए नोटिफिकेशन के अगले ही दिन चंडीगढ़ के डी.एस.पी. और इंस्पैक्टरों ने कैट का दरवाजा खटखटाया था। कैट ने मामले की सुनवाई करते हुए कैडर मर्ज करने के आदेशों पर प्रशासन और पुलिस विभाग से जवाब मांगा था।

अब खुशी की लहर :
गृह मंत्रालय की ओर से चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. का कैडर दानिप्स में मर्ज करने के नोटिफिकेशन पर रोक लगते ही चंडीगढ़ पुलिस के डी.एस.पी. और इंस्पैक्टरों में खुशी लहर दौड़ पड़ी। आगामी आदेश तक चंडीगढ़ के डी.एस.पी. को अब दूसरी जगह ट्रांसफर की चिंता नहीं सताएगी।  


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News