इनेलो सुप्रीमो ने दुष्यंत को भेजा कारण बताओ नोटिस, पार्टी से निकालने की तैयारी

punjabkesari.in Friday, Oct 12, 2018 - 09:19 AM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पार्टी सांसद दुष्यंत चौटाला को निलंबित करने का फैसला लिया है। जिसके लिए उन्होंने   दुष्यंत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है लेकिन आधिकारिक रुप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार दुष्यंत को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित करने के अलावा पार्टी के सभी पदों व कार्यभार से मुक्त किया गया। नोटिस में 7 दिन के अंदर जवाब देने को कहा गया है। वहीं दिग्विजय व दुष्यन्त समर्थकों का लगातार उनसे मिलने का क्रम जारी है। इतना ही नहीं, दुष्यन्त व दिग्विजय पर बीजपी भी डोरे डालने में जुटी हुई है। इनकी  नजरें शीर्ष नेतायों के बदले घटनाक्रम पर टिकी हुई है। दरअसल, दुष्यन्त व दिग्विजय अपने पिता अजय चौटाला के नवम्बर में मिलने वाले पेरोल के बाद राजनैतिक फैंसले के पक्ष में है। 

ओमप्रकाश चौटाला ने पार्टी संगठन में फेरबदल करते हुए अजय, दुष्यंत, दिग्विजय और उनके समर्थकों को संगठन में पदों से बाहर कर दिया। ओम प्रकाश चौटाला ने रैली में हूटिंग सेक्रोधित होकर स्पष्ट कर दिया था कि वह जल्द ही संगठन में फेरबदल करेंगे और आज उन्होंने फेरबदल कर इनैलो के इतिहास में नई कहानी लिख डाली। इतना ही नहीं, पार्टी सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने पार्टी की युवा इकाई व इनसो को भी भंग कर अनुशासनहीनता जैसे आरोप लगा दिए। ओम प्रकाश चौटाला ने पूर्व विधायक एवं अजय चौटाला समर्थक निशान सिंह को किसान सैल की जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए अभय समर्थक एवं पूर्व विधायक कली राम को यह जिम्मेदारी सौंपी है। लंबे समय से कर्मचारी सैल में अध्यक्ष पद संभाल रहे अजय व दुष्यंत गुट के धारा सिंह को भी झटका दिया गया है। अब वह इस प्रकोष्ठ में प्रभारी के रूप में काम करेंगे, जबकि बलवीर सिंह को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी ने पहली बार मैडीकल प्रकोष्ठ का गठन करते हुए डा. के.सी. काजल को संयोजक बनाया है। दुष्यंत चौटाला के संसदीय क्षेत्र हिसार और दादरी की जिला इकाइयों में भी बदलाव करते हुए हिसार में राजेंद्र लितानी के स्थान पर सतवीर सिसाय को जिला प्रधान नियुक्त किया गया है। दादरी में नरेश द्वारका के स्थान पर अब विजय पंचगांवा को जिला प्रधान नियुक्त किया गया है। ओम प्रकाश चौटाला ने नैशनल बॉडी के पदाधिकारियों में भी बदलाव किए हैं। वह स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे और अनंत राम तंवर, साधु राम चौधरी, नारायण प्रसाद अग्रवाल, कुमारी फूलवती, अश्विनी दत्ता और रामभगत गुप्ता उपाध्यक्ष घोषित किए गए हैं। 

आर.एस. चौधरी (आई.ए.एस. सेवानिवृत्त) पार्टी के सैक्रेटरी जनरल के पद पर रहेंगे, जबकि रमेश गर्ग, बृज शर्मा और पूर्व सांसद कै. इंद्र सिंह महासचिव का पदभार संभालेंगे। युद्धवीर आर्य पूर्व सदस्य हरियाणा लोकसेवा आयोग, चत्तर सिंह पूर्व सदस्य लोकसेवा आयोग, बलवंत सिंह मायना पूर्व विधायक, सुरेश मित्तल और अशोक शेरवाल सचिव का पदभार संभालेंगे। डा. के.सी. बांगड़ पूर्व अध्यक्ष लोकसेवा आयोग राष्ट्रीय प्रवक्ता होंगे और दीपचंद गोयल पार्टी के कोषाध्यक्ष बनेंगे। सभी सांसद, हरियाणा विधानसभा में नेता विपक्ष और राज्य के पार्टी अध्यक्ष अपने पदों के दायित्व के आधार पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य होंगे। इनैलो संसदीय बोर्ड में भी फेरबदल किया गया है। नंदलाल चौधरी के निधन के कारण बोर्ड के चेयरमैन ओम प्रकाश चौटाला के अलावा अब 4 सदस्य अशोक अरोड़ा, बी.डी. डालिया, अंजू सिंह और कमल नागपाल होंगे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static