फोरलेन निर्माण में लगी कंपनी रात के अंधेरे में उड़ा रही NGT के आदेशों की धज्जियां

punjabkesari.in Thursday, Sep 20, 2018 - 10:24 PM (IST)

कुल्लू: फोरलेन निर्माण कार्य में लगी एन.के.सी. कंपनी की मनमानी थमने का नाम नहीं रही है। रात के अंधेरे में एन.जी.टी. के आदेश रौंदे जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा तलब किए जाने के बावजूद मनमानी का यह क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहाड़ी को खोदकर निकाला जा रहा मलबा ब्यास नदी में फैंका जा रहा है। दिन के समय प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने के लिए मलबे को टिप्परों में डालकर इधर से उधर ले जाया जा रहा है और रात के अंधेरे में मशीनरी के जरिए मलबा ब्यास नदी की ओर फैंका जा रहा है। पवित्र ब्यास में भीमकाय चट्टानों के साथ साथ मिट्टी व मलबा फैंका जा रहा है। इससे ब्यास नदी का पानी खराब हो रहा है। यह मिट्टी बहते हुए लारजी और पंडोह डैम में प्रवेश कर रही है। जिसे डैम से निकालने के लिए लाखों रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं।

कंपनी ब्यास नदी में बेखौफ फैंक रही मलबा
एक ओर नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल पिरड़ी से कूड़ा संयंत्र हटाने के आदेश दे रहा है। बाशिंग से ट्रक यूनियन की दीवार को भी ब्यास तट से 25 मीटर पीछे खिसकाया गया ताकि ब्यास नदी में किसी तरह की कोई गंदगी, आयल आदि न जा सके। साथ ही एन.जी.टी. ने पहले ही यह भी आदेश दे रखे हैं कि ब्यास तटों को सुरक्षित रखा जाए और किसी तरह की गंदगी ब्यास में न फेंकी जाए। एन.जी.टी. के आदेशों पर ही सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांटों की जांच के लिए बार-बार शिमला और दिल्ली तक से अधिकारियों की टीमें यहां पहुंच रही हैं। इस बात का पता लगाया जाता है कि कहीं प्लांट का पानी किसी तरह के रिसाव के कारण ब्यास में तो नहीं जा रहा है। दूसरी ओर फोरलेन निर्माण में लगी एन.के.सी. कंपनी मलबा ब्यास नदी में बेखौफ फैंक रही है।

महज दिखावा कर रही है कंपनी
भुंतर क्षेत्र के सुनील कुमार, प्रेम चंद, रविंद्र ठाकुर, अशोक कुमार, कुल्लू के विजय कुमार, हेम राज, राकेश शर्मा, पार्वती घाटी के प्रदीप शर्मा, नीरज, कुंदन और नितीश शर्मा ने कहा कि रात के अंधेरे में फोरलेन के मलबे को ब्यास नदी की ओर फेंका जा रहा है। इससे नदी का पानी दूषित हो रहा है। एन.जी.टी. के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दिन के समय टिप्परों में भरकर मलबे को इधर उधर सिर्फ दिखावे के लिए घुमाया जाता है और रात के अंधेरे में एन.जी.टी. के आदेशों को रौंदा जा रहा है।

मलबा फैंकने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एस.डी.एम. कुल्लू डा. अमित गुलेरिया ने बताया कि बीते रोज कंपनी के अधिकारियों को कुल्लू तलब किया गया था। फिर भी मनमानी कर रहे हैं तो इन्हें दोबारा बुलाया जाएगा। ब्यास नदी में किसी तरह का मलबा आदि फैंकने की मनाही है। ऐसा करने वालों को तलब कर उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News