गरली के नथूं में जमींदोज हुआ मकान, मां-बेटा मलबे में दबे

punjabkesari.in Tuesday, Sep 18, 2018 - 05:37 PM (IST)

गरली: ग्राम पंचायत बणी के गांव नथूं के वार्ड नंबर-3 में मंगलवार सुबह करीब 4 बजे एक मकान गिर गया। इस दौरान घर में सोए हुए मां-बेटा मलबे के नीचे दब गए। गनीमत रही कि गांववासियों ने समय रहते उन्हें कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार 82 वर्षीय रोशनी देवी पत्नी स्व. हरि सिंह अपने 35 वर्षीय बेटे बलदेव सिंह के साथ अपने घर में सो रही थी कि मंगलवार तड़के 4 बजे उनका मकान गिर गया, जिससे दोनों मां-बेटा उसके मलबे के नीचे दब गए लेकिन बलदेव सिंह ने स्थिति को समझते ही चिल्लाना शुरू कर दिया जिसे गांव की कुछ महिलाओं ने सुन लिया।

गांव के युवकों व महिलाओं ने दिखाई हिम्मत
देखते ही देखते गांव के लोग एकत्रित हो गए। गांव के युवकों गुरमेल सिंह, जगजीत सिंह, पीड़ित के भतीजे अनमोल ठाकुर व उसके दोस्त शानू सहित गांव की कुछ महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मां-बेटे को मलबे से बाहर निकाला। बलदेव को इस हादसे में बाजू व एक टांग में चोट आई है जबकि उसकी मां को सिर में गुम चोट आई है।

लोगों ने प्रशासन से की उचित मुआवजे की मांग
बलदेव कुमार के अनुसार मकान गिरने से करीब एक लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। गांववासियों व पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार बलदेव सिंह व उसकी बुजुर्ग मां की माली हालत ठीक नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इन्हें जल्द फौरी राहत प्रदान की जाए व बाद में उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News