ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल ने दी पूर्व पीएम वाजपेयी को श्रद्धांजलि

punjabkesari.in Thursday, Aug 16, 2018 - 07:35 PM (IST)

डेस्क:  पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है। गणेशी लाल ने दिवंगत प्रधानमंत्री को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि वाजपेयी के जाने से एक युग का अंत हो गया है। देश की प्रगति में उनके योगदान को लेकर जनता हमेशा उन्हें याद रखेगी। 

राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा से वाजपेयी का खासा लगाव था। वो तीन से चार बार हरियाणा आए थे। उन्होंने बताया कि जब वह 1991 में सिरसा में चुनाव लड़ रहे थे तब वाजपेयी चुनाव प्रचार के लिए सिरसा आए थे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं से भी मिले और अपने चिर परिचित अंदाज में जनसभा को संबोधित भी किया। महामहिम गणेशी लाल ने कहा कि वह कल दिल्ली में उनके अंतिम दर्शन के लिए जाएंगे और दिवंगत आत्मा के लिए शांति की प्रार्थना करेंगे। 

गौरतलब है कि भारत रत्न से नवाजे गए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 1924 में हुआ था और 16 अगस्त 2018 यानि आज उन्होंने लंबी बीमारी के चलते एम्स में अंतिम सांस ली। वाजपेयी का कल दिल्ली में अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले भाजपा मुख्यालय में चार घंटे के लिए उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। आपको बता दें कि वाजपेयी के देहांत को लेकर सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static