शलेई व हलेला में बादल फटने से तबाही, आधा दर्जन घरों को पहुंचा नुक्सान

punjabkesari.in Monday, Aug 13, 2018 - 08:39 PM (IST)

सलूणी: सलूणी उपमंडल की दूरदराज क्षेत्र की पंचायत कंधवारा के  शलेई व हलेला में बादल फटने से आधा दर्जन ग्रामीणों के घरों को नुक्सान हुआ, वहीं कई घरों में पानी घुसा है। हालांकि जानमाल का कोई नुक्सान नहीं है। जानकारी के अनुसार उपमंडल की पंचायत कंधवारा के शलेई व हलेला में रविवार रात करीब 3 बजे अचानक बादल फटने की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल गए, जिस वजह से जानमाल का नुक्सान तो नहीं हुआ लेकिन किसान चंद गांव शलेई के मकान का लकड़ीनुमा बीम टूटने से मकान क्षतिग्रस्त हुआ है जबकि ज्ञान चंद पुत्र छाजू, पुन्नू राम पुत्र बसेसर गांव शलेई के मकानों पर मलबा आने से कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हुए हैं।


एस.डी.एम. ने लिया नुक्सान का जायजा
वहीं बलदेव, प्रभू, रूमी व लोभी सभी गांव हलेला के कच्चा मकान पूरी तरह से टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा रुस्तम पुत्र दीन मुहम्मद गांव हियाणा की पन चक्की (घराट) पानी के तेज बहाव में बह गया है। बादल फटने की सूचना डियूर क्षेत्र के कानूनगो ने एस.डी.एम. सलूणी विजय कुमार धीमान को दी गई। सूचना मिलते ही एस.डी.एम. विजय कुमार ने स्वयं मौके का जायजा लिया और क्षेत्र के प्रभावितों को फौरी राहत राशि भी वितरित कर पटवारी व कानूनगो को प्रभावित लोगों के नुक्सान का जायजा लेकर तुरंत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी किए।


अन्य पंचायतों में भी हुआ नुक्सान
उधर, भारी बारिश से उपमंडल की अन्य पंचायतों में भी नुक्सान होने का समाचार हैं। बारिश के चलते उत्तम सिंह गांव कुंड की गऊशाला बारिश की भेंट चढऩे से 50 हजार रुनए का नुक्सान हुआ है। इसी तरह जर्म सिंह पुत्र भीलो राम गांव लदवाह का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त होने से 80 हजार रुपए का नुक्सान हुआ है। जयराम पुत्र परस राम के मकान के आगे के भाग की जमीन धंसने से मकान को खतरा पैदा हुआ है। दीप कुमार पुत्र ज्ञानू गांव गल्ल व देवी चंद पुत्र चेत राम गांव जटियास की गऊशालाएं, सुरिंद्र कुमार पुत्र जयराम गांव खरौठी व रतो देवी पत्नी घिन्द्रो राम गांव कंडेरु के  मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं जबकि हेम राज पुत्र किशन चंद गांव कंडेरु के मकान के आगे भू-स्खलन होने से मकान को खतरा पैदा हो गया।


हलेला में नुक्सान के आकलन के बाद मिलेगी राहत राशि
एस.डी.एम. सलूणी विजय कुमार धीमान ने बताया कि कंधवारा पंचायत के शलेई व हलेला में बादल फटा है और स्वयं मौके पर पहुंचकर जायजा लिया गया। जानमाल का इस घटना में कोई नुक्सान नहीं है लेकिन लोगों के मकानों में पानी घुसने से नुक्सान जरूर हुआ है। प्रशासन की ओर से गांव शलेई में प्रभावितों को 30 हजार रुपए की फौरी राहत राशि वितरित की गई जबकि हलेला में नुक्सान का आकलन किया जा रहा है,जिसके बाद फौरी राहत राशि दी जाएगी जबकि कानूनगो व पटवारी को शीघ्र प्रभावितों के नुक्सान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी किए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News