पुलिस ने 12 घंटों में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई

punjabkesari.in Saturday, Jul 21, 2018 - 01:12 AM (IST)

राजपुरा(निर्दोष, चावला, के.बी.) : गत शाम दादा चौहान कालोनी में एक कमरे में से पुलिस ने जला हुआ शव बरामद किया था। उसका कत्ल रिश्ते में भतीजे ने किया था और शव को जला दिया था ताकि पहचान न हो सके। सिटी पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी 12 घंटे में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में प्रैस कान्फ्रैंस से डी.एस.पी. राजपुरा कृष्ण कुमार पैंथे ने बताया कि आरोपी जतिन्द्र सिंह दादा चौहान कालोनी में बन रहे नए मकान में चौकीदार तैनात है और वहां ही अस्थायी कमरे में रहता है। गत शाम वर्षा के कारण रिश्ते में उसके चाचा जतिन्द्र सिंह के पास रुक गया। 

डी.एस.पी. ने बताया कि जतिन्द्र सिंह शराब पीने का आदी है। कल शाम भी शराब के नशे में था किसी बात को लेकर उसकी चाचा के साथ तकरार हो गई। गुस्से में आकर जतिन्द्र सिंह ने वहां रखी गैंती व चाकू से वार करके चाचा को घायल कर दिया फिर उसके ऊपर कपड़े, चादरें आदि डाल कर आग लगा दी ताकि मृतक की पहचान न हो सके। एस.एच.ओ. सिटी गुरचरन सिंह बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज हरदेव सिंह ने कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की 5 टीमें बनाईं और जम्मू, पटियाला, अंबाला में छापेमारी करके आरोपी को काबू करना चाहा। 

इसी दौरान एस.एच.ओ. सिटी गुरचरन सिंह ने पुलिस पार्टी सहित एकता कालोनी के निकट नाकाबंदी के दौरान आरोपी जतिन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। डी.एस.पी. पैंथे ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका चाचा यू.पी. की निवासी है। कल शाम वह उसी के कमरे में रुक गया था।

तकरार होने पर उसकी हत्या कर दी और शव को जला दिया ताकि उसकी पहचान 
ना हो सके। आरोपी ने यह समझ लिया कि मुद्दा खत्म हो गया है, वहां जाकर हत्या में प्रयोग की गेंती व चाकू को खुर्द-बुर्द कर आऊं, पर वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। 
डी.एस.पी. पैंथे ने बताया कि मृतक व्यक्ति के परिवार वालों को सूचित कर दिया गया है। उनके आने पर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और आरोपी के विरुद्ध हत्या व शव को खुर्दबुर्द करने का केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है। अदालत में पेश करके आरोपी को पुलिस रिमांड लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। डी.एस.पी. ने अंधे कत्ल को इतनी जल्दी सुलझा लेने पर एस.एच.ओ. सिटी गुरचरन सिंह व पुलिस पार्टी की सराहना की। इस मौके एस.एच.ओ. सिटी गुरचरन सिंह, बस स्टैंड चौकी इंचार्ज हरदेव सिंह, कस्तूरबा चौकी के इंचार्ज अवतार सिंह उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Des raj

Recommended News

Related News