अब डिपो में दूसरों के राशन कार्ड पर नहीं मिलेगा राशन, पढ़िए खबर

punjabkesari.in Saturday, Jul 14, 2018 - 09:14 PM (IST)

सोलन: प्रदेश में राशन डिपो पर अब दूसरों के राशन कार्ड पर राशन नहीं मिलेगा। राशन डिपो पर भी सरकारी कार्यालयों की तरह राशन लेने के लिए बायोमीट्रिक मशीन पर अंगूठा या अंगुली लगानी होगी। निशान सही पाए जाने पर ही अब राशन मिलेगा। जिनके नाम राशन कार्ड में हैं उनमें से परिवार का कोई सदस्य डिपो से राशन खरीद सकता है लेकिन शर्त यह है कि वह आधार से लिंक हों। जो लोग आधार सीडिंग नहीं होंगे वे राशन नहीं ले सकते।


ऐसा कर सकते हैं बीमार या वृद्ध
प्रदेश में जुलाई माह से राशन डिपो पर राशन बायोमीट्रिक मशीन पर अंगुठे या अंगुली का निशान चैक होने के बाद ही राशन मिल रहा है। इसके कारण उन लोगों की मुश्किल बढ़ गई हैं जो बीमार या वृद्ध होने के कारण डिपो तक जाने में असमर्थ हैं और वे दूसरों से अपना राशन मंगवाते थे। हालांकि उन्हें अपना नोमनी चुनने की छूट है और कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह व्यक्ति उनका राशन डिपो से खरीद सकता है।


दूसरे ही ले रहे राशन
सूत्रों का कहना है कि खाद्य एवं आपूॢत विभाग ने अपनी जांच में पाया है कि प्रदेश में ऐसे लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है जो स्वयं डिपो से राशन नहीं खरीद रहे हैं। उनके राशन कार्ड पर कोई दूसरा व्यक्ति ही राशन खरीद रहा है। इसमें प्रवासी मजदूर भी शामिल हैं। प्रदेश में लगभग सभी परिवारों के राशन कार्ड बने हुए हैं क्योंकि राशन कार्ड एक प्रमाण पत्र भी है।


सभी डिपो में बायोमीट्रिक मशीन लगाना अनिवार्य
सोशल स्टेटस के कारण कई लोग डिपो से राशन नहीं खरीदते या यूं कहें कि उन्हें डिपो से राशन खरीदने में शर्म महसूस होती है। इसके कारण उनके कर्मचारी डिपो से राशन खरीदते हैं। ऐसे लोग डिपो से मिल रहे सस्ते राशन का लाभ उठा रहे हैं जो इसके लिए अधिकृत नहीं हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सभी डिपो में बायोमीट्रिक मशीन लगाना अनिवार्य बना दिया है। इससे प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले राशन में सैंकड़ों टन की बचत का अनुमान है।


पहले मशीन में राशन कार्ड को चैक करके दिया जाता था राशन
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक मदन चौहान ने बताया कि प्रदेश में राशन डिपो में बायोमीट्रिक मशीन में अंगुठे या अंगुली का निशान चैक होने के बाद ही राशन मिलेगा। पहले इस मशीन में राशन कार्ड को चैक करके ही राशन दिया जाता था। अब नई व्यवस्था से दूसरों के राशन कार्ड पर राशन नहीं खरीदा जाएगा। राशन कार्ड में परिवार के जिन लोगों के नाम हैं उनमें से कोई भी सदस्य डिपो से राशन खरीद सकता है, शर्त यह है कि उसका नाम आधार से लिंक हो।


हिमाचल में हैं इतने राशन कार्ड
सूत्रों की मानें तो प्रदेश में गरीबी रेखा से ऊपर रहनेे वाले (ए.पी.एल.) परिवारों के 11.50 लाख, बी.पी.एल. 2.94 लाख तथा अंत्योदय परिवारों के 1.94 लाख राशन कार्ड हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News