साइकिल पार्ट्स फैक्टरी मालिक के घर से 50 तोले सोना व 8 लाख कैश चोरी

punjabkesari.in Wednesday, Jun 20, 2018 - 11:18 AM (IST)

लुधियाना(ऋषि): कोठी नं. 112-सी, शक्ति नगर माडल टाऊन एक्सटैंशन में रहने वाले साइकिल पार्ट्स फैक्टरी के मालिक के घर सोमवार को दिन-दिहाड़े दीवार फांदकर दाखिल हुए चोर लगभग 40 से 50 तोले सोने के आभूषण, 7 से 8 लाख कैश और अन्य कीमती सामान ले गए। शाम लगभग 8 बजे घर वापस आने पर मालिक को चोरी बारे पता चला जिसके बाद 3 बार पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन किया गया, लेकिन नंबर नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से थाना माडल टाऊन जाकर पुलिस को साथ लाया गया, जो रात 9.30 बजे पहुंची और चंद मिनटों की जांच के बाद लौट गई। 

इसके बाद मंगलवार सुबह 9.30 बजे फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और दोपहर 12.30 बजे डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। पुलिस द्वारा की रही धीमी कार्रवाई को लेकर लोगों के मन में रोष था। आर.वी. फास्टर के मालिक विनोद कुमार ने बताया कि उनकी ग्यासपुरा, जी.टी. रोड पर साइकिल पार्ट्स बनाने की फैक्टरी है। सोमवार सुबह लगभग 9.30 बजे वे अपने बेटे राजेश कुमार के साथ फैक्टरी चला गया। दोपहर 1 बजे बेटा विनय कुमार अपनी पत्नी सुरबी, मां वीना रानी, दादी जानकी देवी और बच्चों के सहित माथा टेकने हिमाचल प्रदेश मां चिंतपूर्णी चला गया। शाम को बेटा फैक्टरी से अपनी पत्नी शिष्टी को बाजवा नगर मायके घर ले जाने के लिए निकला और पहले लगभग 8 बजे घर नहाने पहुंच गया। मेन गेट का दरवाजा खोलकर जब अंदर आकर सारा सामान बिखरा देख दंग रह गया।

दोपहर 1 से रात 8 बजे के बीच ड्राइंग रूम की खिड़की तोड़कर की चोरी
दोपहर लगभग 1 बजे पारिवारिक सदस्यों ने रेहड़ी पर टिफन लेने आने वालों के हाथ फैक्टरी में बाप-बेटे का खाना भेजा था जिसके कुछ समय बाद चले गए और रात 8 बजे बेटे ने जब मेन गेट का ताला खोला तो ड्राइंग रूम की खिड़की खुली टूटी हुई थी। मालिक विनोद कुमार के अनुसार पूरे घर में सिर्फ एक ड्राइंग रूम में ही ऐसी खिड़की थी जिसे ग्रिल नहीं लगी हुई थी और इस बात का चोरों को पहले से पता था। 

सिर्फ दोनों कमरों में लक्कड़ के कबर्ड तोड़े
मालिक के अनुसार चोरों को पता था कि घर में किस जगह पर गोल्ड और कैश पड़ा है। उन्होंने सिर्फ दोनों कमरों में बने कबर्ड के लॉक तोड़कर ही सामान चुराया है। इसके अलावा पूरे घर में दोनों मंजिलों पर पड़े किसी भी सामान को छेड़ा तक नहीं। पुलिस इलाके में लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है लेकिन पुलिस के हाथ कोई अहम सुराग नहीं लग पाया है।

बास्केटबाल के नैशनल कोच की चोरी के मामले में नहीं हो रही सुनवाई
23 जनवरी 2017 को परिवार सहित कपूरथला गए बास्केटबाल के नैशनल कोच के घर पर भी चोर हाथ साफ कर गए। इस मामले में चौकी ललतों की पुलिस ने पक्खोवाल रोड पर बनी सन राइज कालोनी में रहने वाले बृज बिहारी की शिकायत पर केस दर्ज किया था और कुछ दिनों बाद थाना पी.ए.यू. की पुलिस ने चोरों को दबोच भी लिया था। चोर घर से 22 तोले सोना, 1 लाख कैश और अन्य सामान ले गए थे, लेकिन पुलिस मात्र 1 एल.ई.डी. ही रिकवर कर पाई थी। इसके बाद से अपना बाकी का सामान हासिल करने के लिए पीड़ित भटक रहा है लेकिन पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही। 

1 साल बाद भी नहीं लगा सकी पुलिस कोई सुराग 
विनोद कुमार के पड़ोसी जी.एन.ई. के लैक्चरार के घर 20 जून 2017 को दिन-दिहाड़े चोरी हुई थी लेकिन उस मामले में भी एक वर्ष से ज्यादा समय गुजरने पर पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया है। पंजाब केसरी से विशेष बातचीत दौरान अमन भारद्वाज ने बताया कि 20 जून दोपहर 12.30 बजे घर को ताले लगाकर गया था। दोपहर 4.30 बजे वापस आकर देखा तो घर के ताले टूटे हुए थे। चोर 22 तोले सोना और 35 हजार कैश पर हाथ साफ कर गए थे। अमन के अनुसार वह एक साल से पुलिस स्टेशनों के चक्कर काट रहा है, लेकिन कुछ समय बाद एस.एच.ओ. बदल जाता है और नया एस.एच.ओ. जल्द केस हल करने की बात कहकर उन्हें लौटा देता है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News