खैहरा द्वारा अलगाववादी रिफ्रैंडम 2020 का समर्थन करने पर स्थिति स्पष्ट करें केजरीवाल:अमरेन्द्र

punjabkesari.in Sunday, Jun 17, 2018 - 09:22 PM (IST)

जालन्धर(धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह ने आम आदमी पार्टी के नेता सुखपाल सिंह खैहरा द्वारा अलगाववादी व खालिस्तानी रिफ्रैंडम 2020 का समर्थन करने की निंदा करते हुए कहा  कि कट्टरपंथियों द्वारा खालिस्तान बनाने के लिए सिख रिफ्रैंडम की बात कही जा रही है।
 

मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि खैहरा द्वारा रिफ्रैंडम का समर्थन दुर्भाग्यपूर्ण है तथा इससे आभास होता है कि खैहरा को पंजाब के इतिहास या इसके संभावित परिणामों की जानकारी नहीं है। पंजाब  के लोगों ने अलगाववादी लहर के दौरान भारी नुक्सान झेला है। कट्टरपंथियों द्वारा खालिस्तान के लिए पंजाब में चलाई गई लहर से अनेक निर्दोष लोग मारे गए। खैहरा को पंजाब के इतिहास पर नजर रखनी चाहिए थी। 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कोई विवादास्पद रिफ्रैंडम का समर्थन करता है तो उसके इरादों का पता चल जाता है। ऐसा व्यक्ति देश की एकता व अखंडता में सहायक नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने मांग की कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को खैहरा के बयान तथा खालिस्तान पर  स्पष्टीकरण देना चाहिए। क्या खैहरा ने उक्त बयान व्यक्तिगत हैसियत से दिया है या फिर उसके पीछे पार्टी का स्टैंड है? केजरीवाल स्वयं खालिस्तान हितैषियों के साथ अतीत में सांठ-गांठ करते रहे हैं। पंजाब विधानसभा के आम चुनावों के समय भी केजरीवाल खालिस्तानियों के घर में ठहरे थे। कांग्रेस सरकार सभी समुदायों के साथ इंसाफ कर रही है तथा वह राज्य में अमन व शांति को किसी भी कीमत पर भंग नहीं होने देगी। किसी को अमन-शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News