सिविल अस्पताल में स्टाफ की लापरवाही के चलते महिला की मौत

punjabkesari.in Tuesday, Apr 24, 2018 - 05:41 PM (IST)

होशियारपुर (अमरेन्द्र): सिविल अस्पताल होशियारपुर में डाक्टरों की लापरवाही से एक महिला की मौत हो गई। मृतक महिला सपना पुत्री शिव कुमार निवासी तारघर वकीलां बाजार के परिजनों ने बताया कि सपना की शादी साल 2011 में दीपक के साथ लुधियाना में हुई थी।वह दूसरे बच्चे की डिलीवरी के लिए रविवार देर रात सिविल अस्पताल में दाखिल हुई थी। सोमवार को 12 बजकर 3 मिनट पर  उसने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। उसके कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगडनी शुरू हो गई और शरीर पीला पडने लगा। स्टाफ को कहने के बावजूद ध्यान नहीं दिया गया।

 

जब तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो डॉक्टरों ने साढ़े 3 बजे के करीब पी.जी.आई. रैफर कर दिया। बार-बार कहने पर स्टाफ की तरफ से हमें यही बताया गया कि अस्पताल में गाईनोक्लोजिस्ट महिला एक्सपर्ट डॉक्टर नहीं है। परिजनों ने आरोप लगाया कि डिलीवरी के बाद से ही खून के लगातार रिसने तथा सही उपचार किए बगैर सपना को चंडीगढ़ रैफर कर दिया। इस वजह से रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उन्होंने पुलिस से अपील किया कि आरोपी डॉक्टरों व मैडीकल स्टाफ के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करे।इस बीच सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाऊन के एस.एच.ओ.इंसपैक्टर नरेन्द्र कुमार व थाना सिटी के एस.एच.ओ.इंसपैक्टर लोमेश शर्मा पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने करीब 1 घंटा जाम लगाकर प्रदर्शन किया। 

 
जब इस संबंध में सिविल सर्जन डा.रेणू सूद से पूछा तो उन्होंने स्वीकार किया कि अस्पताल में पिछले 1 साल से महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की पोस्ट खाली पड़ी है। इस संबंधी विभागीय उच्चाधिकारियों को समय समय पर सूचित की जाती है। सोमवार को सपना की नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद खून में कमी को देख उसे ट्रैंड नर्स के साथ एम्बुलैंस में पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर किया गया था। यदि परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी में डॉक्टरों ने लापरवाही की है तो वह इस मामले की जांच करवा रहे हैं। वहीं 3 डॉक्टरों पर आधारित पैनल की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम करने का निर्देश जारी कर दिया गया है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News