कृषि मंत्री बोले-किसानों की आय को दोगुना करने की चुनौती को स्वीकारें वैज्ञानिक

punjabkesari.in Monday, Apr 23, 2018 - 10:37 PM (IST)

पालमपुर: कृषि मंत्री डा. राम लाल मार्कंडेय ने कहा कि किसानों की आय को दोगुना करने की चुनौती को वैज्ञानिक तथा अधिकारी स्वीकार करें तथा इस दिशा में शोध तथा प्रौद्योगिकी का हस्तांतरण को सुनिश्चित बनाएं। डा. राम लाल मार्कंडेय कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में किसानों की आय को दोगुना करने की चुनौतियां तथा रणनीति विषय पर आयोजित 2 दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में अपना संबोधन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी तथा पशुपालन ऐसे क्षेत्र हैं, जो किसानों की आय को दोगुना करने में सहायक हो सकते हैं, ऐसे में प्रदेश सरकार ने इन क्षेत्रों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए बजट में धनराशि की बढ़ौतरी की है। 


कृषि आधारित 20 मॉडल चिन्हित
उन्होंने कहा कि शून्य लागत प्राकृतिक कृषि किसानों की कृषि कार्यों पर लागत को कम करने में सहायक हो सकती है, ऐसे में उन्होंने कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर तथा बागवानी विश्वविद्यालय सोलन से इस दिशा में शोध में और तेजी लाने का आग्रह किया। इस मौके पर कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कुलपति प्रो. अशोक कुमार सरयाल ने बताया कि विश्वविद्यालय ने कृषि आधारित 20 मॉडल चिन्हित किए हैं, जो किसानों की आय को अगले 5 वर्ष में दोगुना करने में सहायक होंगे। उन्होंने बताया कि शून्य लागत प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए 3 करोड़ की धनराशि विश्वविद्यालय को उपलब्ध करवाई गई है तथा जैविक कृषि विभाग अब जैविक कृषि तथा प्राकृतिक कृषि विभाग के रूप में स्तरोन्नत किया गया है। उन्होंने बताया कि शून्य लागत प्राकृतिक कृषि केंद्र की स्थापना को लेकर कार्य आरंभ किया गया है।


इन्होंने दिए अपने सुझाव 
बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय सोलन के कुलपति डा. हरी चंद शर्मा ने सिंचाई के अंतर्गत कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने, मिश्रित फसल प्रणाली को अपनाने, दलहनों की सुधरी किस्मों के उपयोग तथा सब्जियों के उत्पादन को बढ़ाने कृषि का मशीनीकरण करने को बढ़ावा दिए जाने का सुझाव दिया। वहीं डी.आर.डी.ओ. के पूर्व निदेशक पद्मश्री डा. ब्रह्मा सिंह ने कहा कि किसानों की आय को दोगुना करना एक जटिल परंतु प्राप्त किए जाने वाला कार्य है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के प्राध्यापक डा. नागेश ठाकुर ने कहा कि वैज्ञानिक निष्ठा से कार्य करते हुए समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करें। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News