सी.एम. के निजी स्टाफ की वेतन वृद्धि सरकारी पैसे का दुरुपयोग: अभय

punjabkesari.in Monday, Apr 23, 2018 - 11:21 AM (IST)

चंडीगढ़(बंसल): कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी., सलाहकारों व निजी स्टाफ की वेतन वृद्धि हुई थी और इस वेतन वृद्धि की नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि यह सरकारी पैसे का दुरुपयोग है। जब प्रदेश कर्ज के बोझ में दबा पड़ा है ऐसे समय में अपने चहेतों में जनता की खून पसीने की कमाई की बंदरबांट अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता से माफी मांगते हुए मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर यह फैसला तुरंत प्रभाव से वापस लेना चाहिए। 

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जिन लोगों का वेतन बढ़ाया गया है उनकी नियुक्तियों का कोई आधार नहीं है। सरकार ने इन्हें पिक एंड चूज की पॉलिसी के तहत नियुक्त किया है। इसलिए वेतन वृद्धि का फैसला सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जयंतियों, महोत्सवों और समागमों पर की गई फिजूलखर्ची की वजह से ही प्रदेश कर्जदार हुआ है। आज प्रदेश पर लगभग 1 लाख 62 हजार करोड़ का कर्ज है जिसमें 90,226 करोड़ केवल साढ़े 3 साल के भाजपा राज में लिया गया है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में विकास कार्य ठप्प पड़े हैं तो सरकार ने इतना कर्ज क्यों लिया और वो पैसा कहां खर्च हुआ यह जांच का विषय है। सरकार को इस मामले पर श्वेत पत्र पेश करना चाहिए। 

नेता विपक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा राज में युवा बेरोजगार है, अनुबंधित आधार पर काम कर रहे कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांगों को लेकर सड़कों पर हैं और किसान को सरकार की गलत नीतियों के चलते फसलों के पूरे दाम नहीं मिल रहे हैं। ऐसे हालात में करदाताओं के पैसे का इतने बड़े पैमाने पर दुरुपयोग और फिजूलखर्ची निंदनीय है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static