कांग्रेस के भीतर जूतों में बंट रही दाल, हम गठबंधन को नहीं तैयार: अभय चौटाला

punjabkesari.in Saturday, Apr 14, 2018 - 09:38 AM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): बीते दिन एक प्रेस वार्ता के दौरान इनेलो नेता अभय चौटाला ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान चुनाव में अकेले मैदान में उतरने की बात को लेकर चौटाला ने कहा कि इनैलो अपने बूते सरकार बनाने में सक्षम है। भाजपा और कांग्रेस से तो गठबंधन की बात सोची भी नहीं जा सकती। हमारे प्रदेश में कई छोटे-छोटे राजनीतिक दल हैं। देवीलाल ने भी छोटी-छोटी पार्टियों को जोड़कर 1987 में कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया था। अब हरियाणा में फिर वैसे ही हालात बनते जा रहे हैं।

वहीं, सरकार बनाने के लिए भाजपा से समझौते की गुंजाइश पर उम्होंने कहा कि भाजपा ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा है। हमारे साथ भाजपा ने बेईमानी की है। हम ऐसी किसी भी ताकत के साथ समझौता नहीं करेंगे। जिसने हमारी पीठ में छुरा घोंपा हो। चुनाव में कड़ी टक्कर देने वाली पार्टी के बारे में जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 10 साल राज करने वाली कांग्रेस पार्टी की हालत यह है कि जूतों में दाल बंट रही है। भाजपा के शासन से लोग इस कदर त्रस्त हैं कि एक-एक दिन गिनकर गुजार रहे हैं। आप देख लेना कि आने वाला समय सौ फीसदी इनैलो का है।

वहीं, सुभाष बराला ने टिप्पणी की थी कि इनैलो अपनी खोई हुई जमीन तलाशने का प्रयास कर रही है। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वह अपनी चिंता करें। उन्हें इनैलो की चिंता करने की जरूरत नहीं है। भाजपा को सपने में भी इनैलो नजर आती है। इनैलो के लगातार बढ़ते जनाधार को देखते हुए कांग्रेस तथा भाजपा नेताओं को नींद आनी बंद हो गई है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा खट्टर सरकार लुटेरों का गिरोह है। जिसमें हर कोई अपने-अपने स्तर पर प्रदेश व लोगों को लूटने में लगा हुआ है। जहां तक हमारी सरकार के कार्यकाल में भर्तियों का सवाल है तो उस समय की भर्तियों में कोई पैसे लेने की बात सिद्ध करके दिखा दे। मौजूदा सरकार में कभी भर्ती बोर्ड के चेयरमैन तो कभी किसी नेता के बेटे और कभी किसी भाजपा नेता का ऑडियो सार्वजनिक हो रहा है। सरकारी नौकरी दिलाने के मामले में सक्रिय गिरोह के आठ लोग गिरफ्तार किए गए है।

वहीं भ्रष्टाचार के मामले में शामिल लोगों के बारे में उन्होंने कहा कि ये 8 लोग तो बलि का बकरा बनाए गए है। शर्तिया नौकरी तो कोई तभी लगवा पाएगा जब ऊपर किसी से संबंध होगा। सब नौकरी पैसे लेकर दी जा रही हैं। मैंने विधानसभा में मुख्यमंत्री से पूछा था कि बताओ 25 अगस्त को जिस दिन डेरा प्रमुख को लेकर पंचकूला में हिंसा हुई थी, आगजनी हो रही थी, लोग मारे जा रहे थे, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का जो दफ्तर है, उसके बाहर तीन बाइक और एक स्कूटर आगके हवाले हुए थे। उनका कोई क्लेम करने वाला नहीं था। यह चार लोग छुट्टी वाले दिन आयोग के दफ्तर में बैठे क्या कर रहे थे?


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static