परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, भीषण अग्निकांड में जलकर राख हुआ मकान

punjabkesari.in Saturday, May 25, 2019 - 10:47 AM (IST)

घुमारवीं : घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली ग्राम पंचायत पपलाह के गांव पनियाला में बीती रात एक रिहायशी मकान जलकर राख हो गया। यह रिहायशी मकान रिंकू कुमार पुत्र देवराज का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार इस मकान के एक हिस्से में रिंकू उसकी धर्मपत्नी तथा 8 माह की बेटी रहती थी। मकान के दूसरे हिस्से में उसकी माता तृप्ता देवी व उसका दिव्यांग भाई रहता था। रात करीब 12.30 बजे रिंकू कुमार को आभास हुआ कि उनके मकान में आग लग चुकी है। रिंकू कुमार ने अपनी पत्नी को नींद से जगाया और दोनों पति-पत्नी दौड़कर अपनी माता व भाई को उठाने के लिए मकान के दूसरे हिस्से में पहुंचे। सारे लोग आंगन में खड़े हो गए।

इसी बीच रिंकू कुमार की 8 माह की बच्ची बिस्तर पर सोई रह गई। तभी बच्ची की मां ऊपरी मंजिल में दौड़ कर गई और बच्ची को सकुशल उठाकर बाहर ले आई। सारा परिवार चिल्लाने लगा। इन लोगों के रोने की आवाज सुनकर गांव के विजय कुमार, दौलत राम, मदन कुमार, संजय कुमार, अनीता देवी, अंजू देवी, ममता देवी, सुभाष चंद, सरोज, सुवित, अरविंद, बिशन दास, शर्मिला देवी, दीना, रमेश, ऊषा देवी व रमेश कुमार आदि घटना स्थल पर पहुंचे। विजय कुमार ने बताया कि जब ये लोग मौके पर पहुंचे तो मकान के सलेट धू-धू कर जल रहे थे।

गांववासी तुरंत मकान के अंदर घुसे और अंदर रखे सामान को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे। कई लोग आग बुझाने में लग पड़े। इसी बीच अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। विजय कुमार ने बताया कि इस आगजनी में रिंकू कुमार के मकान की ऊपरी मंजिल जलकर तबाह हो गई। इसके अलावा ऊपर की मंजिल में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि इस आगजनी में पीड़ित परिवार का लगभग 5 से 6 लाख रुपए का नुक्सान हो गया है। विजय कुमार ने बताया कि इस आग को बुझाने के दौरान कई लोगों के हाथ-पांव भी झुलस गए हैं।

उन्होंने बताया कि आज सुबह लगभग 4 बजे आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया। इस आगजनी का जायजा लेने के लिए राजस्व अधिकारी युवराज सिंह ने घटना स्थल का दौरा किया। राजस्व अधिकारी ने इस घटना में लगभग 4 लाख रुपए के नुक्सान का आकलन तैयार किया। उधर, घुमारवीं के विधायक राजेंद्र गर्ग ने शुक्रवार सुबह पपलाह पंचायत के गांव पनियाला में आग से पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। विधायक ने उन्हें हरसंभव मदद देने का वायदा किया तथा प्रशासन को पीड़ित परिवार को राहत देने के निर्देश दिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News