Video में देखिए, कुल्लू अस्पताल में नशेड़ी महिलाओं ने मचाया ऐसे बवाल

punjabkesari.in Monday, Mar 18, 2019 - 12:22 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में शराब पीकर आई 2 महिलाओं ने हंगामा कर दिया। महिलाएं एक बच्चे को लेकर आई थीं। इस दौरान जब महिला फार्मासिस्ट बच्चे को इंजैक्शन लगा रही थी तो नशे में धुत्त महिला ने महिला फार्मासिस्ट के साथ गाली-गलौच शुरू कर दिया। इस महिला फार्मासिस्ट और अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने नशे में धुत्त महिलाओं को चुप रहने को कहा। इस पर नशे में धुत्त महिलाएं और भड़क गईं तथा बाद में दोनों ने जमकर हंगामा किया। अस्पताल स्टाफ ने एकत्रित होकर सुरक्षा कर्मियों को बुलाया। इसके बाद इन दोनों महिलाओं को एक कमरे में बैठाकर पूछताछ की गई। नशे में धुत्त ये महिलाएं स्टाफ के साथ हाथापाई तक उतर आई थीं लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने इन्हें काबू कर लिया। 

इस दौरान क्षेत्रीय अस्पताल के ट्रामा सैंटर के पास लोगों की भीड़ लग गई। भीड़ में शामिल लोग भी इन दोनों महिलाओं को शांत रहने के लिए कह रहे थे लेकिन वे नहीं मानी। महिला सुरक्षा कर्मियों ने इन दोनों महिलाओं को कुछ देर कमरे में बैठाकर उनसे बातचीत की और उन्हें शांत करवाया। नशे में धुत्त महिला ने अस्पताल के कर्मचारी के कपड़े तक फाडऩे का प्रयास किया लेकिन इसमें वह कामयाब नहीं हो सकी। कुल्लू के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि 2 महिलाएं हंगामा कर रही थीं, बाद में दोनों को शांत करवाया गया।

क्या कहते हैं लोग

अस्पताल में उपचार करवाने व बतौर तीमारदार आए लोगों खेम राज, विजय कुमार, सुरेश कुमार, मीना देवी, शंकुतला, रीना ठाकुर, महक, सुरक्षा, कंचन ठाकुर आदि ने कहा कि अस्पताल में इस तरह हंगामा करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा यदि अन्य लोग भी इन दोनों महिलाओं को न रोकते तो वे और ज्यादा हंगामा कर सकती थीं। महिलाओं को काबू कर उन्हें शांत करवाने के लिए इन लोगों ने अस्पताल में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों व महिला सुरक्षा कर्मियों की तारीफ की।




 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News