गद्दी नेता त्रिलोक कपूर ने किया शांता कुमार का बचाव, जानिए क्या कहा

punjabkesari.in Sunday, Mar 17, 2019 - 04:15 PM (IST)

ऊना (अमित): सांसद एवं पूर्व सीएम शांता कुमार के गद्दी समुदाय के बयान पर जहां हो हल्ला मचा हुआ है वहीं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष त्रिलोक कपूर उनका बचाव करते नजर आ रहे है। ऊना के अंब में मीडिया से बात करते हुए त्रिलोक कपूर ने कहा कि शांता कुमार के बयान को गलत भाव से नहीं लेना चाहिए। वहीं अपनी दावेदारी पर उन्होंने शांता कुमार के चुनाव ना लड़ने की स्थिति में चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई। त्रिलोक कपूर ने दावा किया कि कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र में गद्दी समुदाय का विशेष महत्व है। 

कांगड़ा संसदीय सीट से मौजूदा सांसद शांता कुमार के बाद मजबूत दावेदार माने जाने वाले गद्दी नेता त्रिलोक कपूर ने उनके इंकार के बाद ही अपनी दावेदारी जताने की बात कही है। कपूर ने कहा कि शांता का एक लंबा राजनीतिक सफर है और अगर वो चुनाव लड़ने से इंकार करते हैं तो उन्होंने चुनाव लड़ने की इच्छा पार्टी हाईकमान के आगे रखी है क्योंकि राजनीति में आगे बढ़ना हर कार्यकर्ता की इच्छा होती है। त्रिलोक कपूर ने कहा कि मैंने गद्दी समुदाय के लिए संघर्ष किया है और 51 वर्ष की आयु में पहली बार ऐसा किया है कि अगर शांता कुमार चुनाव नहीं लड़ते है तो उन्हें मौका मिलना चाहिए।

त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में गद्दी समुदाय सबसे ज्यादा तादाद में है और गद्दियों का इस सीट पर विशेष महत्व भी है। त्रिलोक ने कहा कि गद्दी समाज भी चाहता है कि उनके बीच में से ही कोई आगे आये ताकि उनके दर्द को भी कोई समझ सके। सांसद द्वारा गद्दी समुदाय पर की गई टिप्पणी पर त्रिलोक कुछ भी कहने से बचते नजर आए। त्रिलोक कपूर ने कहा कि शांता कुमार के बयान को गलत भाव से नहीं देखना चाहिए। त्रिलोक ने माना की गद्दी समुदाय की आज तक अनदेखी हुई है जिसके लिए कपूर कांग्रेस को ही जिम्मेवार मानते है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News