लोकसभा चुनाव 2019- सीएम व मिश्र की शरण में भाजपा टिकटार्थी

punjabkesari.in Friday, Mar 15, 2019 - 01:48 PM (IST)

फरीदाबाद (महावीर गोयल): लोकसभा चुनाव के लिए टिकट पाने की इच्छा रखने वाले भाजपा नेताओं ने अपनी दौड़ तेज कर दी है। भाजपा के वर्तमान विधायकों सहित कई नेता लोकसभा चुनाव लडऩे का मन बना रहे हैं। इसके लिए बकायदा दिल्ली में मुख्यमंत्री मनोहरलाल व हरियाणा भाजपा लोकसभा प्रभारी कलराज मिश्र के पास पहुंचकर अपनी दावेदारी जता रहे हैं। 

पिछले 2 दिनों से मुख्यमंत्री मनोहरलाल दिल्ली में हैं। लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा इस बार हरियाणा में कई सीटों पर नए चेहरों को उतार सकती है। इसलिए जहां कुछ विधायक इस बार लोकसभा में हाथ आजमाने का मन बना रहे हैं, वहीं कुछ नए चेहरों के साथ-साथ निवर्तमान सांसद अपनी पत्नी व बच्चों के लिए आवेदन कर रहे हैं। हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों के लिए भाजपा के कई प्रत्याशी मैदान में नजर आ रहे हैं। दिल्ली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल व हरियाणा भाजपा लोकसभा प्रभारी कलराज मिश्र के पास एक दर्जन से भी अधिक बायोडाटा पहुुंच चुके हैं। सी.एम.ओ. दिल्ली से जुड़े सूत्रों के अनुसार भाजपा की स्थिति अच्छी नजर आने के कारण इस बार विधानसभा स्तर के नेता भी लोकसभा चुनाव में हाथ आजमाने का मन बनाए हुए हैं। उधर, यदि पार्टी की बात करें तो वह हरियाणा की सभी सीटों पर फतह करने के मूड में है। हालांकि हरियाणा में सिरसा व हिसार सीट जहां इनेलो के पास है वहीं रोहतक सीट कांग्रेस की झोली में है। 

उधर, करनाल व कुरुक्षेत्र सीट भी भाजपा के लिए खाली है। ऐसे में कई सीटों पर भाजपा के पास टिकटार्थियों की लंबी सूचि है। भाजपा हाईकमान केवल जीतने वाले मोहरे पर भी दांव लगाने के मूड में दिख रही है। इसलिए भाजपा को हरियाणा के लिए यदि किसी दूसरी पार्टी का मजबूत दावेदार मिलेगा तो भाजपा उस पर भी दांव लगाने से नहीं चूकेगी। 

सीटिंग-गैटिंग फार्मूले से भाजपा को परहेज
भारतीय जनता पार्टी पुलवामा हमले के बाद हुई कार्रवाई से पुन: अपनी स्थिति मजबूत कर चुकी है। इसके बावजूद भाजपा की कोर कमेटी की बैठकों में यह चीज उभरकर सामने आती रही है कि प्रदेश में किसी प्रत्याशी की स्थिति कमजोर हो सकती है, परंतु पार्टी की स्थिति कमजोर नहीं है। यही कारण है कि भाजपा इस बार लोकसभा चुनाव में सीटिंग-गैटिंग फार्मूले को दरकिनार कर नए चेहरों पर दांव लगाएगी। दिल्ली मुख्यमंत्री आवास से जुड़े सूत्रों के अनुसार लोकसभा चुनावों की 10 सीटों में से कई सीटों पर नए चेहरे देखने को मिलेंगे। ऐसे में करनाल और कुरुक्षेत्र में जहां नए चेहरों को टिकट देना तय है, वहीं सिरसा, हिसार और रोहतक में भी भाजपा नए चेहरों के साथ मैदान में उतर सकती है। इसके अलावा अम्बाला, चंडीगढ़ व महेंद्रगढ़-भिवानी सीट पर भी बदलाव के आसार हैं। भाजपा का लक्ष्य इस बार 10 की 10 सीटों पर फतह हासिल करना है। इसके पीछे मुख्य कारण जहां भाजपा की मजबूत होती स्थिति है, वहीं दूसरी ओर बिखरे हुए विपक्ष के कारण भी भाजपा को अपनी मंजिल आसान नजर आ रही है। इस बार भाजपा सर्वे के आधार पर तैयार रिपोर्ट को आधार मानकर टिकट वितरण करेगी। लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा के पास जहां उसकी अपनी पार्टी के विधायक, नेता व वर्तमान सांसदों के परिजन चक्कर लगा रहे हैं, वहीं कई अन्य पाॢटयों के नेता भी भाजपा के सम्पर्क में हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static