‘भिखारी’ की तरह दिखते हैं अनिल विज: अजय यादव

Tuesday, May 12, 2015 - 12:28 PM (IST)

नई दिल्ली: शनिवार को हरियाणा के पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने अनिल विज पर तीखा निशाना साधा। यादव ने विज को ‘भिखारी’ तक कह डाला। इससे पहले  हरियाणा के स्वास्थ्य व खेल मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को एक विवादित बयान में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को घर से बिछुड़ा बच्चा बताया, जो गलियों में इधर-उधर भटक रहा है। विज के इस बयान पर यादव ने पलटवार करते हुए आज ट्वीट किया, ''विज को राहुल के बारे में बोलने से पहले खुद को देखना चाहिए। खुद एक भिखारी जैसे दिखते हैं जिन्हे कुछ सिक्कों के साथ-साथ तत्काल स्नान की जरूरत है।'' 

शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में लोक संपर्क व जिला कष्ट निवारण की मासिक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा था कि राहुल को किसानों से हमदर्दी नहीं है, वह केवल अपने घूमने का शौक पूरा कर रहे हैं। राहुल किसानों के प्रति जो संवेदना जाहिर कर रहे हैं वह शोचनीय है, क्योंकि पिछले 10 साल से वह खुद सरकार में थे और तब तो उन्होंने किसानों की कोई चिंता नहीं की। 
 
गौरतलब है कि राहुल गांधी ओलावृष्टि से पीढि़त किसानों से मिलने महाराष्ट्र के विदर्भ गए और वहां के किसानों से मुलाकात भी की। राहुल किसानों के मुद्दे को जोर-शोर से संसद में उठाते हुए मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। पहली बार मोदी सरकार पर करारा निशाना साधने पर राहुल गांधी की लोगों ने काफी तारीफ भी की। 
Advertising