उर्स-ए-ताजुश्शरिया पर मुफ्त कोचिंग और इलाज, ज़रूरतमंदों को एक उम्मीद
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 01:21 AM (IST)
(वेब डेस्क): हुजूर ताजुश्शरिया हज़रत अल्लामा अख्तर रजा खान कादरी (अज़हरी मिया) का मनाए जाने वाला उर्स 8वें उर्स-ए-ताजुश्शरिया के अवसर पर इस वर्ष भी धार्मिक आयोजनों के साथ व्यापक सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों की घोषणा की गई है। यह आयोजन न केवल रूहानी माहौल के लिए जाना जाता है, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ठोस पहल के लिए भी पहचान बना चुका है।
आला हज़रत ताजुश्शरिया वेलफेयर सोसाइटी के द्वारा संस्था के संस्थापक प्रसिद्ध समाजसेवी फरमान हसन खान (फरमान मियाँ) के मार्गदर्शन में इस वर्ष भी आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है। कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के साथ-साथ नीट और यूपीएससी की तैयारी कर रहे चयनित विद्यार्थियों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
संस्था के अनुसार, पूर्व वर्षों में इस पहल से अनेक छात्र-छात्राएं सरकारी मेडिकल कॉलेजों में चयनित होकर डॉक्टर बन चुके हैं, जिससे यह कार्यक्रम क्षेत्र में शैक्षिक उन्नति का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत उर्स के दौरान जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर और ऑपरेशन की व्यवस्था की जाएगी। इनमें सामान्य बीमारियों से लेकर जटिल उपचार तक शामिल होंगे, जिन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में कराया जाएगा। संस्था अब तक 7000 से अधिक मरीजों के मुफ्त ऑपरेशन करा चुकी है, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।
इसके अतिरिक्त, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कंप्यूटर शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रम भी चलाए जा रहे है , जिनमें आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण शामिल है।
आला हज़रत ताजुश्शरिया वेलफेयर सोसाइटी के अनुसार, उर्स का उद्देश्य केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वहन नहीं, बल्कि खिदमत-ए-खल्क़ के सिद्धांत को व्यवहार में लाना है। यही कारण है कि यह आयोजन बरेली में एक ऐसे मॉडल के रूप में उभर रहा है, जहां इबादत के साथ समाज सेवा को समान महत्व दिया जाता है।
